
Ranchi: प्रदेश भाजपा के मुताबिक झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार लगातार ओबीसी वर्ग के हितों से खिलवाड़ कर रही है. ऐसे में अब उसके खिलाफ दस दिवसीय आंदोलन राज्य भर में चरणबद्ध तरीके से हों. प्रदेश कार्यालय में रविवार को भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा झारखंड प्रदेश की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. पार्टी के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने इस दौरान कहा कि ओबीसी समाज के विभिन्न मुद्दों को भाजपा ओबीसी मोर्चा के लोगों को जोरदार तरीके से उठाए. केंद के मोदी सरकार के द्वारा ओबीसी समाज के विकास के लिए किए कार्यों को जन जन तक पहुंचाए. ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में रांची महानगर में निवास करने वाले प्रदेश कार्यसमिति सदस्यगण और झारखंड प्रदेश के उन 7 जिलों के मोर्चा के जिलाध्यक्ष भी शामिल हुए जहाँ ओबीसी आरक्षण शून्य कर दिया गया है. बैठक में
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार की गलत नीति के कारण नगर निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण के लिए ट्रिपल टेस्ट सर्वे नहीं हो रहा है. मनरेगा मजदूरों का भुगतान लंबित है. आयुष्मान भारत योजना का लाभ गरीबों को नहीं मिल रहा है. साथ ही 7 जिलों में ओबीसी आरक्षण शून्य कर दिया गया है. इसे देखते अब ओबीसी मोर्चा प्रदेश में 24 मई से 3 जून तक 10 दिनों का चरणबद्ध आंदोलन करेगा. पहले चरण में 24 मई को जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम, साहिबगंज में,25 को दुमका, पश्चिमी सिंहभूम, गुमला, सिमडेगा, खूंटी लोहरदगा और लातेहार में, 26 को सरायकेला, देवघर और जामताड़ा में 27 को गोड्डा और पाकुड़ में आंदोलन होगा.
दूसरा चरण 29 मई को शुरू होगा. इस दिन हजारीबाग, पलामू और राँची महानगर, 30 को गिरिडीह और रांची ग्रामीण, 31 को बोकारो, गढ़वा और रामगढ़, 1 जून को धनबाद महानगर और कोडरमा, 2 जून को धनबाद ग्रामीण और 3 जून को चतरा में आंदोलन होगा. निर्धारित डेट में अलग अलग जिले में जिला स्तर पर धरना प्रदर्शन का आंदोलन किया जाएगा. साथ ही समस्याओं को जिलों के उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा.
इसे भी पढ़ें: रांची पहुंचे मंत्री अशोक चौधरी, कहा- विपक्षी एकता में शामिल होने पर यूपीए संग लड़ेंगे चुनाव




