
Jamshedpur: समाहरणालय सभागार जमशेदपुर में उप निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय पर्णलेखा दास गुप्ता, सहायक निदेशक राम भास्कर द्विवेदी, सांख्यिकी अन्वेषक दिलीप कुमार ने पूर्वी सिंहभूम जिले के जन्म-मृत्यु निबंधन कार्य से संबंधित बैठक की. पर्णलेखा दास गुप्ता एवं राम भास्कर द्विवेदी ने बताया कि जन्म-मृत्यु निबंधन शत प्रतिशत करना अनिवार्य है. जन्म-मृत्यु अधिनियम 1969 की विभिन्न धाराओं तथा झारखंड जन्म और मृत्यु रजिस्ट्रीकरण नियमावली 2009 अधिसूचना की विस्तृत जानकारी दी गयी. सभी रजिस्ट्रार को जन्म एवं मृत्यु को रजिस्टर में संधारण करना, पंचायत स्तर पर कैम्प लगाने संबंधी जानकारी दी गयी.
उपस्थित सदस्यों को बताया गया कि जन्म प्रमाण पत्र लेना बच्चे का प्रथम वैधानिक अधिकार एवं पहचान पत्र है. जनसंख्या और स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों में भी इनका महत्व है. जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रीकरण की प्रक्रिया के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में घर पर घटित हुई जन्म एवं मृत्यु की घटना के बारे में घर के मुखिया, माता-पिता या सगे संबंधी या आंगनबाड़ी सेविका द्वारा 21 दिन के अंदर पंचायत सचिव सह रजिस्ट्रार जन्म-मृत्यु को सूचना देना आवश्यक है. विलंबित जन्म-मृत्यु की घटनाओं के निबंधन के बारे में जानकारी दी गयी. शहरी क्षेत्र अन्तर्गत घर एवं निजी अस्पताल में घटित होने वाली जन्म-मृत्यु की घटनाओं का निबंधन अधिसूचित क्षेत्र समिति जमशेदपुर, मानगो नगर निगम एवं जुगसलाई नगर परिषद द्वारा किया जाता है. कोविड-19 से मृत व्यक्तियों की सूचना प्राप्त करने तथा मृतक के निकटतम परिजन द्वारा मांगे जाने पर मृत्यु के कारण का चिकित्सा प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया.
ऑनलाईन स्वीकृति प्रदान कर जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र करें निर्गत
सभी पंचायत सचिव, सरकारी अस्पताल के कर्मी एवं सभी कम्प्यूटर ऑपरेटर को जन्म-मृत्यु निबंधन संबंधी कार्य में विशेष रूप से महत्व देते हुए समय पर ऑनलाईन जन्म एवं मृत्यु का प्रमाण पत्र निर्गत करने तथा संबंधित रजिस्ट्रार का यूजर आईडी एवं पासवर्ड की गोपनीयता बनाये रखने और समय-समय पर पासवर्ड को बदलने का निर्देश दिया गया. साथ ही यह बताया गया कि अपनी निबंधन इकाई के यूजर आईडी के अन्तर्गत ऑपरेटर की आईडी निर्मित कर उनके द्वारा इन्ट्री का कार्य किया जाए तथा संबंधित जन्म-मृत्यु की इन्ट्री की सत्यता की जांच भौतिक रूप से करते हुए सभी रजिस्ट्रार उसकी ऑनलाईन स्वीकृति प्रदान कर जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र को निर्गत करें. जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सुकुल उरांव ने सभी प्रतिभागियों को जन्म-मृत्यु निबंधन कार्य हेतु ससमय करने का निर्देश दिया. सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी रमेश प्रसाद ने पूर्व में निर्गत ऑफलाईन जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र को ऑनलाईन जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र किस प्रकार बनाया जाएगा, इस संबंध में जानकारी दी. सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी विनीता मिंज ने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की.
इनकी रही मौजूदगी
इस मौके पर सीएसआर साॅफ्टवेयर से संबंधित रिफ्रेशर ट्रेनिंग धालभूम अनुमण्डल अंतर्गत प्रखण्ड जमशेदपुर सदर, पोटका, पटमदा एवं बोड़ाम के पंचायत सचिव, प्रभारी प्रखण्ड सांख्यिकी पर्यवेक्षक, कम्प्यूटर ऑपरेटर तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जमशेदपुर सदर, पोटका, पटमदा, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति, मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद, एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मानगो, बिरसानगर के संबंधित पदाधिकारी एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर को दी गई.
ये भी पढ़ें-जमशेदपुर : बेटी की सहेली से दुष्कर्म के मामले का आरोपी बिनोद मुखी दोषी करार, सजा पर फैसला 10 मार्च को




