
Ranchi: कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग (सहकारिता प्रभाग) अन्तर्गत किसानों की बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत रबी फसल 2024 हेतु फसल बीमा कराया जा रहा है. लाभ लेने के लिए किसान नजदीकी प्रज्ञा केन्द्र (CSC) अथवा पोर्टल www.pmfby.gov.in पर ऑनलाईन स्वतः आवेदन farmer login के माध्यम से दे सकते हैं. बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर तक है. पंजीकरण के समय आधार कार्ड, बैंक पासबुक, राजस्व पदाधिकारी द्वारा निर्गत भूमि प्रमाण पत्र (नवीनतम, तत्काल उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में मुखिया / प्रधान से सत्यापित वंशावली) एवं भूमि विवरणी, बटाई प्रमाण पत्र (नोटराईज्ड शपथ पत्र), स्वसत्यापित फसल बुआई प्रमाण पत्र और मोबाईल नम्बर की जरूरत होगी.
विशेष जानकारी के लिए संबंधित जिलों के जिला सहकारिता पदाधिकारी कार्यालय, एचडीएफसी ईगो जीआईसी लिमिटेड हेल्पलाइन नंबर- 14447 पर सम्पर्क किया जा सकता है. गौरतलब है कि योजना का लाभ लेने हेतु किसानों को ₹1 की टोकन राशि का भुगतान करना होगा. योजना के तहत रबी फसल अंतर्गत गेहूं के लिए 58178 रुपए प्रति हेक्टेयर, राई सरसों के लिए 33202 रुपए प्रति हेक्टेयर, चना के लिए 45325 रुपए प्रति हेक्टेयर एवं आलू के लिए 168075 रुपए प्रति हेक्टेयर का बीमा किया जाना है.



