
Dhanbad: झारखंड आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभानेवाले स्व बिनोद बिहारी महतो की महुदा मोड़ स्थित प्रतिमा को शनिवार की रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया. रविवार सुबह महुदा मोड़ से गुजरते लोगों की नजर बिनोद बिहारी महतो की प्रतिमा पर गयी तो वह हैरान रह गये. प्रतिमा के नीचे क्षतिग्रस्त सिर पड़ा था.
देखते ही देखते लोगों की भीड़ लग गयी. असामाजिक तत्वों के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा. आम लोगों में जबरदस्त आक्रोश था. लोग सड़क जाम कर घटना का विरोध करने लगे. सूचना पाकर कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो भी पहुंचे.
डीएसपी ने समझा-बुझा कर सड़क जाम हटाया
उन्होंने घटना की निंदा करते हुए दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की. महतो ने बाघमारा डीएसपी, ग्रामीण एसपी एवं जिले के एसएसपी को फोन कर मामले की जानकारी दी. घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे बाघमारा डीएसपी ने आक्रोशित लोगों से बात की और इसकी पूरी जानकारी उन्होंने अपने आलाधिकारियों को दी.
उन्होंने सड़क जाम कर असामाजिक तत्त्वों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे लोगों को किसी तरह समझा-बुझा कर शांत कराया और सड़क जाम हटाया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
इसे भी पढ़ें –लिस्ट दिखा हेमंत ने कहा – काफी शर्मनाक ‘22 शिक्षकों में 17 बाहर के लोग’




