ChatraCrime News

चतरा में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाईक सवार शराब दुकानकर्मी की हुई दर्दनाक मौत

CHATRA: चतरा सदर थाना क्षेत्र के चतरा-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई. मृतक की पहचान सिंनपुर गांव निवासी नितेश कुमार सिंह के रूप में हुई है. घटना देर रात की बताई जा रही है. परिजनों के अनुसार नितेश गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय में संचालित सरकारी शराब दुकान में कार्य करता था. वह रात दस बजे दुकान बंद कर अपने मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था. इसी दौरान सदर थाना क्षेत्र के खरीक गांव के समीप बेकाबू अज्ञात वाहन ने उसके बाइक को अपने चपेट में ले लिया. दुर्घटना में नितेश गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क किनारे गिर गया. दुर्घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया.
इसे भी पढ़ें: चतरा में उपायुक्त ने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि छात्रवृति योजना और मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत सहित कई योजनाओं की समीक्षा की
परिजनों को घटना की सूचना आज सुबह तब मिली जब खरीक गांव के कुछ युवक मॉर्निंग वॉक करने घर से निकले थे. मॉर्निंग वॉक के दौरान ही सड़क किनारे बेसुध पड़े घायल नितेश पर उनकी नजर पड़ी. जिसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंची और घायल नितेश को मौके से उठाकर उपचार के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही नितेश की मौत हो चुकी थी. चिकित्सकों के अनुसार घायल अवस्था में पूरी रात कड़ाके की ठंड के बावजूद सड़क किनारे पड़े रहने के कारण देर रात ही नितेश की मौत हो चुकी थी. नितेश के पॉकेट से बरामद आधार कार्ड के आधार पर पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों और उत्पाद विभाग के अधिकारियों को दी. जिसके बाद परिजन आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचे. पोस्टमार्टम के बाद नितेश के शव को उसके परिजनों को सौंप दिया गया.

इधर घटना की सूचना पाकर उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू कर्मियों के साथ मृतक के पैतृक गांव पहुंचे और तत्काल राहत योजना के तहत 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मृतक के परिजनों को सौंपा. वही सरकारी प्रावधानों के तहत अन्य लाभ से आश्रितों को लाभान्वित कराने का भी आश्वासन उत्पाद अधीक्षक ने दिया. जानकारी के अनुसार नितेश घर का एकमात्र कमाउ सदस्य था. पिता का एकलौता पुत्र होने के कारण उसके कंधों पर पूरे परिवार की जिम्मेवारी थी. नितेश की दुर्घटना में मौत के बाद उसके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. गांव में भी मातम पसरा हुआ है. पुलिस मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने के साथ ही दुर्घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हुए वाहन चालक और गाड़ी की पहचान कर उसके विरुद्ध कार्रवाई में जुट गई है.

Related Articles

Back to top button