
New Delhi: जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामचंद्र प्रसाद सिंह (आरसीपी सिंह) आज भाजपा में शामिल हो गए. गुरुवार दोपहर दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में धमेंद्र प्रधान ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई. भाजपा में शामिल होने के बाद आरसीपी सिंह ने पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को धन्यवाद कहा. इसके बाद सीएम नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला.
इसे भी पढ़ें: बिहारियों पर अपमानजनक टिप्पणी मामले में राज ठाकरे ने बिना शर्त माफ़ी माँगी
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार आजकल कह रहे हैं कि देश में कोई काम नहीं हो रहाा. मैं पूछता हूं कि देश में अगर कोई काम नहीं हो रहा तो भारत कैसे विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया. जरा सोचिए कि देश कहां चला गया और बिहार अब भी कहां है? तंज कसते हुए कहा कि वह केवल बड़ी-बड़ी बातें करते हैं. वह ऐसे मुख्यमंत्री हैं तो तीन दिन में तीन अलग-अलग राज्य में गए. पहले दिन उड़ीसा, दूसरे दिन झारखंड और तीसरे दिन महाराष्ट्र में हैं. आप विपक्षी एकता की बात करते है लेकिन बिना नेता के कैसे विपक्षी एकता होगी. विपक्ष का तो कोई नेता ही नहीं है.
जदयू छोड़ने के 9 माह बाद भाजपा में हुए शामिल
राज्यसभा की सदस्यता चले जाने के कारण आरसीपी सिंह को केंद्रीय मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा, उस समय जदयू के कई नेता ने आरोप लगाया कि आरसीपी सिंह भाजपा के लिए काम कर रहे हैं. इसके बाद जदयू की ओर से आरसीपी सिंह पर कई आरोप लगने लगे. धीरे-धीरे आरसीपी सिंह जदयू से दूर होते चले गए. अंत में उन्हें जदयू से इस्तीफा देना पड़ा.पार्टी से इस्तीफा देने के बाद वे खुलकर भाजपा के समर्थन में कई बार दिखे. इस दौरान कई बार अटकलें लगाई गई कि आरसीपी सिंह भाजपा में शामिल हो जाएंगे. हालांकि, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा उस समय कोई पहल होता नहीं दिखा. अब 9 महीने बाद आरसीपी सिंह भाजपा ज्वाइन कर लिया.




