Khas-KhabarLead NewsNationalNEWSTOP SLIDERTop Story

महाराष्ट्र में बड़ा सियासी उलटफेर, अजीत पवार ने ली उपमुख्यमंत्री पद की शपथ, 8 नए मंत्री भी बने

Mumbai: महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के लीडर अजीत पवार ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मंत्रिमंडल में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. आज राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में अजीत पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली. अजीत पवार के साथ एनसीपी के कुल 9 मंत्रियों ने भी शपथ ली. इनमें छगन भुजबल, दिलीप वलसे-पाटिल, हसन मुश्रीफ, धनंजय मुंडे, धर्मरावबाबा अत्राम, अदिति तटकरे, संजय बनसोडे, अनिल पाटिल शामिल हैं.

आज सुबह एनसीपी नेता अजीत पवार अपने आवास पर बैठक कर रहे थे. लेकिन उन्होंने साफ किया था कि शरद पवार को इस मुलाकात का अंदाजा नहीं था. इसके बाद खबर सामने आई कि अजीत पवार राजभवन के लिए रवाना हो गए हैं. आखिरकार आज अजीत पवार ही नहीं बल्कि एनसीपी के 9 मंत्री भी शपथ लेंगे ये साफ हो गया था. इससे पहले अजित पवार ने कहा था कि उन्हें विपक्ष के नेता पद में कोई दिलचस्पी नहीं है. कार्यकर्ताओं की जिद के कारण वह विपक्ष के नेता बने.

इसे हमारा आधिकारिक समर्थन नहीं: एनसीपी 

नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के मुख्य प्रवक्ता महेश भारत तपासे ने स्पष्ट किया है कि अजीत पवार के शपथ ग्रहण को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) पार्टी का कोई आधिकारिक समर्थन नहीं है. उन्होंने कहा, “राष्ट्रवादी कांग्रेस के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, तालुका अध्यक्ष, महिला पदाधिकारी सभी शरद पवार के साथ हैं.” उन्होंने कहा कि “शपथ ग्रहण समारोह दरअसल ऑपरेशन लोटस का हिस्सा था. इस शपथ ग्रहण समारोह को एनसीपी का कोई आधिकारिक समर्थन नहीं है. यह शपथ लेने वालों का निजी फैसला है. ये फैसला एनसीपी का नहीं है.”

संजय राउत ने दी प्रतिक्रिया 

महाराष्ट्र के सियासी घटनाक्रम पर शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने प्रतिक्रिया दी है. राउत ने शरद पवार से बातचीत का दावा करते हुए ट्वीट किया, “कुछ लोगों ने महाराष्ट्र की राजनीति को साफ़ करने का बीड़ा उठाया है. उन्हें अपने तरीके से चलने दो. मेरी अभी शरद पवार जी से बात हुई.” उन्होंने कहा, “मैं मजबूत हूं. हमें लोगों का समर्थन प्राप्त है. हम उद्धव ठाकरे के साथ फिर से सब कुछ सही करेंगे. जी हां, लोग इस गेम को ज्यादा दिनों तक बर्दाश्त नहीं करेंगे.”

शरद पवार की प्रेस कॉन्फ्रेंस

अजीत पवार के राजभवन रवाना होने की खबर आने से पहले एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी.प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, ”मुझे मुंबई में बैठक के बारे में कोई जानकारी नहीं है. विपक्षी दल के नेता के रूप में, उन्हें विधायकों की बैठक बुलाने का अधिकार है. सुप्रिया सुले मुंबई से पुणे के लिए रवाना हो गई हैं.” उन्होंने कहा, ”मैंने क्षेत्रीय अध्यक्ष और संगठन में बदलाव को लेकर 6 जुलाई को बैठक बुलाई है. मैंने पार्टी के प्रमुख लोगों को आमंत्रित किया है.” ”मैं अकेले ही फैसले लेता हूं. सभी को विश्वास में लेकर निर्णय लिया जाएगा. हम साथ बैठ कर कोई रास्ता निकाल सकते हैं. मैं अकेले प्रदेश अध्यक्ष का फैसला नहीं ले सकता.”

Related Articles

Back to top button