
Giridih : बंगाल के कुल्टी थाना इलाके से चोरी हुए कूल कैब की आर्टिगा गाड़ी को गिरिडीह से बुधवार की देर रात बरामद कर लिया गया. आर्टिगा गाड़ी शहर के बकसीडीह रोड में दो दिन से खड़ी थी, जिसमें बंगाल नबर अंकित किया हुआ बोर्ड लगा था. जीपीएस ट्रैकिंग से तालाश करते हुए बंगाल के कुल्टी थाना पुलिस ने बुधवार की देर रात नगर थाना पहुंच कर नगर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद को जानकारी दी. इसके बाद इसी जीपीएस ट्रैकिंग के माध्यम से कुल्टी थाना पुलिस ने नगर थाना पुलिस के सहयोग से बकसीडीह में दो दिन से खड़ी गाड़ी को जब्त कर लिया. देर रात उसे जब्त कर थाना ले जाया गया. जानकारी के अनुसार बंगाल के कोलकाता के डायमंड हार्बर निवासी निर्मल घोष के इसी कूल कैब की गाड़ी को मंगलवार को कुल्टी जाने के लिए बुक की गयी थी. जब कूल कैब का चलाक बुक किये हुए एड्रेस के लिए डायमंड हार्बर से निकला और कुल्टी पहुंचा, तो कुल्टी थाना इलाके के किसी मुहल्ले में खाना खाने के लिए यात्रियों के साथ रुका. जब खाना खा कर लौटा तो देखा कि उसकी गाड़ी चोरी हो चुकी है. इस दौरान ड्राइवर ने इसकी जानकारी निर्मल घोष को दी. निर्मल घोष ने कुल्टी थाना में गाड़ी चोरी का केस दर्ज कराया. इसके बाद कुल्टी थाना प्रभारी देव लक्ष्मी नारायण केस दर्ज कर जांच में जुटे. और जीपीएस ट्रैकिंग के सहारे गिरिडीह पहुंच कर गाड़ी को जब्त किया. इधर बकसीडीह के स्थानीय दुकानदारों की मानें तो गाड़ी मंगलवार की सुबह से ही खड़ी थी. लिहाजा, अब नगर थाना पुलिस और कुल्टी थाना पुलिस आसपास के दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच करने में जुट गई है.
इसे भी पढ़ें – गिरिडीह के मधुबन में खनन अधिकारी ने अवैध बालू के स्टॉक को किया जब्त, तीन पर केस



