
Ramgarh: हजारीबाग के लोकसभा सांसद जयंत सिन्हा लगातार रामगढ़ शहर के दौरे पर दिखाई दे रहे हैं. सोमवार के दिन रामधारी सिंह दिनकर की पुण्यतिथि पर रामगढ़ स्थित ऑफिसर सिंह ब्रह्मर्षि धर्मशाला में पहुंचे जहां उन्होंने धर्मशाला के निर्माण कार्य को गति देने के लिए अपनी ओर से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की है. धर्मशाला से निकलने के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रचारक एवं एकल अभियान ग्राम संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक ज्ञान ब्रह्म पाठक की बेटी की शादी में आशीर्वाद देने पहुंचे.
इसके बाद सांसद जयंत सिन्हा ने छावनी परिषद के वार्ड नंबर 6 स्थित कचरा यार्ड का निरीक्षण भी किया. यहां वार्ड नंबर 6 के कई लोग भी मौजूद रहे. इस दौरान उन्होंने पूरे कचरा यार्ड की स्थिति को देखते हुए चिंता जताई. उन्होंने कहा कि छावनी परिषद को दूरदर्शी सोच के साथ हर काम करने की आवश्यकता है. इस कचरे के प्रबंधन के लिए काफी पहले ही समाधान निकाला जाना चाहिए था लेकिन कहीं ना कहीं लापरवाही हुई है जिसके कारण अब तक व्यवस्था नहीं हो पाई. उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि डीएमएफटी फंड से इस जगह पर कचरा प्रबंधन की व्यवस्था कराने की कोशिश की जाएगी. इसके साथ ही वह इस विषय पर सभी अधिकारियों से बात कर जल्द से जल्द समाधान निकालने की कोशिश करेंगे. यहां मौजूद लोगों ने सांसद जयंत सिन्हा को धन्यवाद दिया कहा कि यहां के लोग काफी वर्षों से जहरीले धुंए के साए में रहने को मजबूर हैं . इतने वर्षों के बाद भी अब तक कोई नेता यहां नहीं पहुंचा था. अब उम्मीद है कि जल्द से जल्द लोगों को राहत मिल सकेगी.इसके बाद जयंत सिन्हा कंडर पंचायत भवन पहुंचे जहां लोगों ने उनका स्वागत किया. यहां पर भी जयंत सिन्हा ने सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपए देने की घोषणा की है. इस दौरान उनके साथ लोकसभा प्रतिनिधि प्रकाश मिश्रा, नारायण भौमिक, राजू चतुर्वेदी सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: निलंबित आइएएस पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा की अग्रिम जमानत पर सुनवाई 18 मई को




