
Nikhil Kumar
Ranchi: राज्य में पुरानी पेंशन योजना का चयन करने बाद पुरानी पेंशन का लाभ लेने की प्रक्रिया से संबंधित गाइडलाइन बनाकर मंत्रिपरिषद की स्वीकृति भी प्राप्त कर ली गई है. इस प्रक्रिया के बनते ही अब झारखंड के सभी विभागों में कार्यरत व सेवानिवृत कर्मियों के पुरानी पेंशन और इसका लाभ लेने का रास्ता साफ हो गया. सरकारी अंशदान की राशि किस प्रकार वापस सरकार को लौटानी है यह भी अब क्लीयर हो गया.
इसे भी पढ़ें: BIG NEWS : झारखंड में लागू हुई पुरानी पेंशन योजना, स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर बना, 1 सितंबर 2022 से लाभ
मिला बुढ़ापे का सहारा: झारखंड में पुरानी पेंशन योजना बहाल, संकल्प जारी
बता दें कि पूर्व में जब पुरानी पेंशन योजना देने की स्वीकृति दी गयी थी यह शर्त थी कि इसका लाभ वैसे कर्मियों को मिलेगा जो सरकारी अंशदान की राशि वापस लौटा देंगे. लेकिन इसकी प्रक्रिया निर्धारित नहीं थी कि आखिर यह कैसे वापस होगी. वहीं, पुरानी पेंशन कैसे प्राप्त की जायेगी. अब गाइडलाइन बनने से सारे मसलों का समाधान निकल आया है. इसका सीधा लाभ वैसे 2000 सेवानिवृत कर्मियों को तत्काल मिलेगा जो नई पेंशन योजना के तहत नियुक्त होकर रिटायर हुए हैं. उन्हें मात्र 1000-1200 रुपये पेंशन मिल रहा था अब सीधे पुरानी पेंशन से यह राशि उनके अंतिम वेतन का आधा हो जाएगा. इनके द्वारा सरकारी अंशदान की राशि वापस लौटा कर पुरानी पेंशन योजना से पेंशन प्राप्त कर सकेंगे.
इसे भी पढ़ें: वित्त सचिव से मिला एनएमओपीएस का प्रतिनिधिमंडल, पुरानी पेंशन की प्रक्रिया यथाशीघ्र जारी करने की मांग
पुरानी पेंशन व्यवस्था के लिए 26 जून को होगा पेंशन जयघोष महासम्मेलन
1.25 लाख अन्य कर्मियों को भी मिलेगा लाभ
इसके अलावा वैसे 1.25 लाख कर्मियों को भी लाभ होगा जो भविष्य में सेवानिवृत होंगे वे पुरानी पेंशन का आवेदन कर इसे प्राप्त कर सकेंगे. सरकार का प्रयास है कि कर्मचारियों को सुविधा के लिए अधिक से अधिक प्रक्रिया ऑनलाइन की जाए. कर्मचारी राज्य पोर्टल के माध्यम से कर्मचारी पुरानी पेंशन का लाभ के लिए आवेदन कर सकते हैं. इस पोर्टल को अब अपडेट किया जायेगा.

इन्हें भी मिलेगा लाभ
गइडलाइन के अनुसार वैसे राज्यकर्मी जो 01 दिसंबर 2004 से दिनांक 01 सिंतबर 2022 तक के मध्य सेवानिवृत हुए हैं, मृत कर्मियों को भी पुरानी पेंशन का लाभ देने से संबंधित प्रक्रिया बनायी गयी है. साथ ही वैसे कर्मी जो एक सितंबर 2022 के बाद सेवानिवृत हुए हैं या होंगे एवं जिन्हें जीपीएफ संख्या आवंटित हो चुका है उन्हें पुरानी पेंशन का लाभ दिया जायेगा. वैसे कर्मियों को भी इसका लाभ मिलेगा जो ओल्ड पेंशन स्कीम होने के पहले रिटायर हो गये और बाद मेंं उनकी मृत्यु हो गयी. परिजन भटक रहे थे इनके परिजनों को भी अब पारिवारिक पेंशन का लाभ मिल सकेगा. इसके अलावा जो नयी पेंशन एनपीएस स्कीम से राशि निकाल लिए हैं वे भी अंशदान वापस करके ओल्ड पेंशन स्कीम का लाभ ले सकते हैं.

जटिल समस्या का सरकार ने निकाला समाधान: विक्रांत सिंह
एनएमओपीएस व झारखंड ऑफिसर्स टीचर एंड इप्लॉयज फेडरेशन के अध्यक्ष विक्रांत सिंह ने पुरानी पेंशन योजना से संबंधित दिशा-निर्देश तैयार कर स्वीकृति देने के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपना वादा पूरा किया है. संभवत: झारखंड पहला राज्य है जो पुरानी पेंशन लागू करने के बाद इससे संबंधित गाइडलाइन भी जारी कर दिया है. यह काफी जटिल प्रक्रिया थी, लेकिन इसका समाधान निकाला गया है. उन्होंने कर्मियों से अपील की है कि सॉफ्टवेयर अपडेट होते ही वे तत्काल पुरानी पेंशन का लाभ लेने के लिए गाइडलाइन के अनुरूप आवेदन करना प्रारंभ करेंगे.




