Lead NewsSports

BCCI का विदेशी खिलाड़यों को आश्वासन : आपकी सुरक्षित घर वापसी हम सुनिश्चित करेंगे

New Delhi : भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को कहा वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भाग ले रहे खिलाड़ियों की टूर्नामेंट समाप्त होने के बाद बिना किसी रुकावट के स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने के लिये अपनी तरफ से हर संभव प्रयास करेगा.

भारत में कोविड-19 के मामले बढ़ने के कारण तीन आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के स्वदेश लौट जाने के बाद बीसीसीआई ने यह बयान दिया है. राजस्थान रॉयल्स के एंड्रयू टाये तथा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के केन रिचर्डसन और एडम जांपा ने आईपीएल से हटने का फैसला किया.

बीसीसीआई सीओओ हेमांग अमीन ने खिलाड़ियों को संबोधित पत्र में कहा, ‘‘हम जानते हैं कि आप में से कई इस बात को लेकर आशंकित हैं कि टूर्नामेंट समाप्त होने के बाद स्वदेश कैसे लौटेंगे. हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि आपको चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘बीसीसीआई यह सुनिश्चित करने के लिये अपनी तरफ से सब कुछ करेगा कि आप अपने गंतव्य तक बिना किसी रुकावट के पहुंचे. बीसीसीआई स्थिति पर करीबी निगरानी रख रहा है तथा टूर्नामेंट समाप्त होने के बाद आपको स्वदेश पहुंचाने के लिये सरकारी अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है.’’

इसे भी पढ़ें:हाईकोर्ट ने केजरीवाल सरकार को लगायी फटकार, कहा- ऐसे नहीं जीत सकते कोरोना के खिलाफ जंग

पत्र में आगे कहा गया है, ‘‘हम आपको आश्वस्त करते हैं कि बीसीसीआई के लिये तब तक टूर्नामेंट समाप्त नहीं होगा जब तक आप सकुशल अपने घर नहीं पहुंच जाते.’’

भारत में पिछले कुछ दिनों से तीन लाख से अधिक मामले आ रहे हैं तथा आक्सीजन और अन्य महत्वपूर्ण दवाईयों की कमी के कारण स्वास्थ्य ढांचा चरमरा रहा है.

आस्ट्रेलिया ने कोविड-19 मामलों के बढ़ने के कारण मंगलवार को भारत से सभी सीधी उड़ानों को 15 मई तक तुरंत प्रभाव से स्थगित कर दिया.

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के मेंटोर डेविड हस्सी ने स्वीकार किया कि आईपीएल से जुड़े आस्ट्रेलियाई यहां की स्थिति को देखकर स्वदेश वापसी को लेकर थोड़ा नर्वस हैं.

अमीन ने खिलाड़ियों के टूर्नामेंट में बने रहने के लिये सराहना की.

उन्होंने कहा, ‘‘जैसा कि आपमें से कुछ खिलाड़ियों ने कहा कि यदि हम थोड़े समय के लिये भी लोगों का ध्यान तमाम परेशानियों से हटाने में सफल रहते हैं तो हम अहम भूमिका निभाते हैं. जब आप मैदान पर उतरते हो तो उन लाखों लोगों में उम्मीद जगाते हो जो उसे देख रहे हैं. ’’

इसे भी पढ़ें:कोरोना से जंग : मध्य प्रदेश में ऑक्सीजन उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए विशेष पैकेज की योजना

Related Articles

Back to top button