
Jamshedpur : शहर के बिष्टुपुर स्थित गजराज मेंशन में छगनलाल दयाल जी एंड संस ज्वेलर्स के कर्मचारी से 32 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने पश्चिम बंगाल के पुरूलिया से इस्तेखार वारसी उर्फ बड़ा चीनी को धर दबोचा है. पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. उसके अलावा भी ज्वेलर्स दुकान के एक कर्मचारी समेत अन्य लोगों से भी पुलिस पूछताछ में जुटी है. जिस कर्मचारी से पूछताछ की जा रही है उसने बगैर सूचना के घटना के दिन दुकान से छुट्टी ले रखी थी.
मामले की जांच में जुटी पुलिस ने कांड में मिले सुराग के आधार पर पश्चिम बंगाल के अलावा ओडिशा समेत कुछ अन्य जगहों पर भी छापामारी की है. उसी बीच बड़ा चीनी को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लिया है. इस लूट कांड के दौरान सीसीटीवी फुटेज में ज्वेलरी दुकान के कर्मचारियों से मारपीट कर रहे युवक से उसका हुलिया काफी मिलता – जुलता बताया जा रहा है. आगे इस मामले में पुलिस को छोटा चीनी और अफसर की भी तलाश है. बताया जाता है कि वे बिस्टुपुर बाजार में वे अक्सर अड्डेबाजी करते हैं. वहीं घटना के बाद से ही तीनों गायब भी पाये गये. पुलिस की उनसे पूछताछ के बाद कांड से जुड़े कई बिंदुओं के खुलासे की उम्मीद की जा रही है.




