JharkhandKhuntiLead NewsNEWS

आंसुओं में डूबा खूंटी का बलकेल गांव, एक साथ चार युवकों की मौत

KHUNTI: खूंटी जिले के रनिया प्रखंड के बलकेल गांव में रविवार रात से मातमी सन्नाटा पसरा है. रात 11 बजे के करीब फोन से जैसे ही जानकारी मिली की चमोली में हिमस्खलन होने से गांव के चार लोगों की मौत हो गयी,चार घायल हैं गांव का माहौल गमगीन हो उठा. मृतकों के परिवार वाले दहाड मारकर रोने लगे. गांव के सभी लोग एक जगह जमा होकर बैठ गये. गांव के किसी घर में चूल्हा नहीं जला.

 

हादसे में मारे गये लोगों में नियारण कंडुलना, पाल कंडुलना, हनुक कंडुलना व संगेन कंडुलना शामिल हैं. घायलों में राई कंडुलना, महेन्द्र मुंडा, संजय कंडुलना, मंगलदास पहान के नाम शामिल हैं.

 

मृतकों में दो सगे भाई हैं

चमोली हादसे में मारे गये नियारण कंडुलना व पाल कंडुलना दोनो सगे भाई हैं, जबकि संगेन कंडुलना उनका चचेरा भाई है. नियारण व पाल के पिता बेंजामिन कंडुलना बताते हैं कि उनके तीन बेटे काम करने गये थे एक अमृत कंडुलना के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है. घर में एक भाई और दो बहन भी हैं.

 

 

नौकरी नही मिलने पर मजदूरी करने गये थे

बेंजामिन तोपनो बताते हैं कि उनके तीनों बेटे पढे लिखे हैं. नौकरी के लिए काफी प्रयास किया पर सफलता नहीं मिली. मजबूरी में मजदूरी करने गये थे. बेटे कहकर गये थे कमा कर आयेगें तब शादी ब्याह कर परिवार बसायेगें.

 

बंधक रखे जमीन को छुडाने के लिए मजदूरी करने गया था हनुक

इस हादसे हनुक कंडुलना की भी मौत हो गयी. गांव की सेविका मारथा मिंज बताती है कि हनुक कंडुलना गत 15 फरवरी को काम करने उतराखंड गया था. घर में उसका एक मानसिक रूप से विक्षिप्त भाई है. हनुक ने अपने खेत गांव के ही कुछ साहुकारों के पास गिरवी रख दी है. वह कहकर गया था कमा कर आयेगा तो सभी खेतों को छुडा लेगा.

 

गांव के तेरह लोग काम करने गये हैं

मुखिया दशमी कंडुलना सुबह से ही मृतकों के परिवार वालों के साथ थी. वो बताती है कि बलकेल गांव के 13 लोग काम करने उतराखंड गये हैं. इनमें चार लोगों के मारे जाने और चार लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है. अन्य तुरन कंडुलना, डेविड कंडुलना, निस्तार कंडुलना, जय मसीह कंडुलना के बारे में कोई सूचना नहीं मिल रही है. सभी के परिजन काफी चिंतित हैं.

 

बीडीओ अहले सुबह गांव पहुंच गये थे

रनिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप भगत सुबह सात बजे ही गांव पहुंच गये थे. मृतकों के परिजनों से मिलकर उनका ढाढस बंधाया व हर संभव मदद का भरोसा दिया. बीडीओ ने बताया कि वे लगातार परिजनों के साथ ही उच्च अधिकारियों के संपर्कं में हैं. गांव के कुछ अन्य लोग जो काम करने गये हैं उनके बारे में जानकारी जुटायी जा रही है. परिजनों को पूरी मदद पहुंचायी जायेगी.

 

शारीरिक दूरी बनाकर बैठे थे गांव के लोग

गम के माहौल में भी गांव लोगों ने शारीरिक दूरी का पालन किया. घटना की जानकारी मिलने पर गांव के सभी लोग एक जगह सामाजिक दूरी बनाकर बैठे थे. सभी मास्क पहने हुए थे.

 

केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने जताया दुःख

केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने चमोली हादसे में झारखंड के मजदूरों की हुई मौत पर शोक जताया है. उन्होंने झारखंड के मुख्य सचिव से फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली है. उन्होंने घायलों को उचित इलाज, मृतकों के शव को लाने की व्यवस्था करने तथा मुआवजा दिलाने का आग्रह किया है.

Related Articles

Back to top button