JharkhandLead NewsRanchi

बाबूलाल मरांडी की युवाओं से अपील: हेमंत सोरेन सरकार को विदा करने के लिए जरूर करें वोटिंग

Ranchi: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य के युवाओं से हर हाल में चुनाव में मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की है. युवाओं को याद दिलाते कहा है कि राज्य सरकार के निकम्मेपन, समय पर परीक्षा आयोजित ना करा पाने जैसे कुकर्मों के कारण यहां के युवाओं का भविष्य दांव पर लगता रहा है. एक्स पर भी उन्होंने लिखा है कि झारखंड के चुनाव की तारीखें नजदीक आ चुकी हैं. यह समय है कि हम सभी अपने अधिकारों का इस्तेमाल करें और अपने भविष्य की रक्षा करें. पिछले 5 सालों में हेमंत सोरेन की लापरवाही, भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के कारण सरकार और संस्थानों से युवाओं का विश्वास खत्म हो चुका है. आखिर उस सरकार पर आप कैसे भरोसा कर सकते हैं जिसने बार-बार आपके सपनों के साथ खिलवाड़ किया है? हेमंत सोरेन, जिन्होंने पांच साल पहले आपसे बड़े-बड़े वादे किए थे, वही हेमंत सोरेन हैं, जो पिछले पांच सालों से सत्ता में रहते हुए आपके भविष्य को लूटने और आपकी मेहनत को मिट्टी में मिलाने का काम कर रहे हैं.

सोची समझी साजिश से युवाओं का नुकसान

बाबूलाल ने सवाल करते कहा है कि क्या आप भूल सकते हैं कि इन पांच सालों में एक भी परीक्षा सुचारू रूप से नहीं हो सकी? कितनी बार आपने पूरी मेहनत से परीक्षा की तैयारी की, फॉर्म भरे, और उम्मीदों से भरे रहे, लेकिन जब परीक्षा का दिन आया, तो पेपर लीक हो गए. यह सिर्फ लापरवाही नहीं थी, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी, जिसमें हेमंत सोरेन और उनके साथियों को केवल पैसों की परवाह थी. खुद मुख्यमंत्री के करीबी लोग इस भ्रष्ट खेल का हिस्सा थे, जिन्होंने आपके सपनों को पैसों के लिए बेच दिया.
याद कीजिए वह दिन जब ED ने मुख्यमंत्री के करीबी के घर से परीक्षा के एडमिट कार्ड बरामद किए थे. कितने अभ्यर्थी ऐसे थे जिनसे पैसे लेकर बाकी छात्रों का भविष्य बर्बाद करने की कोशिश की गई थी. 5 लाख नौकरियों का वादा, बेरोजगारी भत्ता देने का वादा—पर आज ये वादे कहां हैं? सब हवा में खो गए, और जो बचा है वह है निराशा और हेमंत सोरेन की विफल सरकार. बाबूलाल ने युवाओं से अपील करते कहा है कि अब समय आ गया है कि आप इस विश्वासघात का बदला लें. यह चुनाव सिर्फ एक वोट डालने का नहीं है, यह उन लोगों को सबक सिखाने का मौका है जिन्होंने आपके सपनों के साथ खिलवाड़ किया. जो नेता यह सोचता है कि वह आपकी मेहनत का मजाक उड़ाकर बच जाएगा, उसे यह समझना होगा कि युवा कभी भूलते नहीं हैं. इस बार चुनाव आपका है, भविष्य आपका है, और फैसला भी आपका होना चाहिए। आपसे विनम्र निवेदन है कि जब आप 13 और 20 नवंबर को वोट डालने जाएं, तो उन लूटेरों को याद रखें जिन्होंने आपके सपनों की बोली लगाई थी. उन वादों को याद रखें जो पूरे नहीं हुए, उन पेपर लीक को याद रखें जिनकी वजह से आपका करियर दांव पर लग गया. यह मौका है उन नेताओं को सबक सिखाने का, ताकि आने वाली कोई भी सरकार यह न भूले कि युवाओं के सपनों से खेलने की सजा सत्ता से बाहर होना है.
हम लोकतंत्र में जी रहे हैं. लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत आपका वोट है. इसे इस्तेमाल कीजिए और दिखाइए कि झारखंड का युवा अपने सपनों की कीमत समझता है और उन्हें लूटने वालों को कभी माफ नहीं करता. बाबूलाल ने युवाओं को आगे बढ़ने और मिलकर वर्तमान विधानसभा चुनाव को युवाओं के भविष्य का त्योहार बनाने की बात कही है. साथ ही झारखंड में एक नई शुरुआत करने को भी कहा है.

सीपी सिंह और बिरंची को बधाई

रविवार को बाबूलाल से विधायक सीपी सिंह और बिरंची नारायण ने भेंट की. झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पुनः भाजपा प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद रांची विधायक सीपी और बोकारो विधायक बिरंची नारायण को बाबूलाल ने अपनी शुभकामनाएं दीं.

Related Articles

Back to top button