
Jamshedpur: आज शहर में पोषण पखवाड़ा के तहत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य आम जनता को पोषण के महत्व के प्रति जागरूक करना है. यह पखवाड़ा 22 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को संतुलित आहार, स्वास्थ्य और पोषण से संबंधित जानकारी दी जाएगी.
रैली की शुरुआत उपायुक्त कार्यालय से शुरू हुआ जहां उप विकास आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया. यह रथ पूरे शहर में घूमकर विभिन्न मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को पोषण से संबंधित संदेश प्रसारित करेगा.
इस अवसर पर बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाओं ने भाग लिया, जिन्होंने स्लोगन, पोस्टर और नारों के माध्यम से लोगों को सही पोषण अपनाने, बच्चों और गर्भवती महिलाओं की देखभाल, एनीमिया से बचाव तथा कुपोषण के खिलाफ आवश्यक जानकारी प्रदान की. सेविकाओं ने समूहों में मार्च करते हुए “सही पोषण, देश रोशन”, “पोषणयुक्त आहार अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं” जैसे नारे लगाकर वातावरण को जागरूकता से भर दिया.
रैली के माध्यम से न केवल लोगों को जानकारी दी जा रही है, बल्कि उनके बीच संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को भी समझने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पोषण संबंधी योजनाएं जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकें.
पोषण पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत आने वाले दिनों में भी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सामुदायिक भवनों में कार्यशालाएं, पोषण शिविर, रसोई प्रतियोगिता, पोषण पर चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा.




