
Ranchi : राज्य भर में मतदाता पुनरीक्षण को लेकर लगातार अभियान चलाये जा रहे हैं. शनिवार को झारखंड की सीमा के अंदर अवस्थित विभिन्न रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों तथा रेलवे क्वार्टर्स में मतदाता पंजीकरण को लेकर विशेष शिविर लगाये गये. रेलवे के वैसे कर्मियों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने या अद्यतन करने के लिए संबंधित प्रपत्र मौके पर भरवाये गये जिनका नाम अब तक यहां की मतदाता सूची में दर्ज नहीं था.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने बताया कि राज्य में लगभग एक लाख की संख्या में रेलवे कर्मचारी व उनके परिजन हैं. जिनमें से बड़ी संख्या में लोगों के नाम झारखंड की मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, इसलिए शनिवार और रविवार दोनों दिन विशेष अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के पहले दिन यानी शनिवार को लगभग हर शिविर में अच्छे खासे आवेदन प्रपत्र प्राप्त हुए, रविवार को और भी फॉर्म आने की उम्मीद है.
स्वयं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने पश्चिमी सिंहभुम के नोआमुंडी इलाके का औचक निरीक्षण कर वहां चल रही मतदाता पंजीकरण गतिविधियों की समीक्षा की तथा अधीनस्थों को जरूर निर्देश दिये.
वहीं राज्य भर में कई शैक्षणिक संस्थानों में भी रंगोली आदि जैसे कई जागरुकता परक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये.
इसे भी पढ़ें – झामुमो का बयान चोरी और सीनाजोरी, एक-दूसरे का करते हैं बचाव: भाजपा



