JharkhandRanchi

विधानसभा : 70 प्लस के टिकट काटे जाने के फॉर्मूले पर बोले जेपी नड्डा, युवाओं को मिलेगा मौका …

Ranchi : भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा झारखंड में सदस्यता अभियान की शुरुआत करने पहुंचे हैं. रविवार को उन्होंने प्रेस वार्ता में बताया कि झारखंड में चुनाव की तैयारी, संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तैयार करने पर चर्चा हुई. जेपी नड्डा ने बताया कि फिलहाल सदस्यता अभियान पर विशेष जोर है.  झारखंड में पार्टी अपने ही कीर्तिमान को तोड़ेगी और दोगुने सदस्य बनायेगी.

उन्होंने लोकसभा की तर्ज पर 70 प्लस के टिकट काटे जाने के सवाल पर कहा कि पार्टी की प्राथमिकता युवाओं को मौका देना है और उन्हें उनके सीनियरों का आशीर्वाद व मार्गदर्शन दिलाना है. झारखंड में विधानसभा की तैयारियों और सदस्यता अभियान को मजबूती देने के लिए 28 जुलाई को फिर से कोर कमिटी की बैठक आयोजित की जायेगी.

इसे भी पढ़ें – मांस के दुर्गंध से परेशान हरमूवासियों ने लगायी निगम से गुहार, डिप्टी मेयर ने दिया भरोसा

भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश, सभी जिलों में आगे निकलने की होड़

कार्यकारी अध्यक्ष ने बताया कि संगठनात्मक दृष्टि से संगठन के बड़े नेताओं के अलावा कोर कमिटी के साथ मिलकर संगठन के विभिन्न आयामों पर चर्चा हुई. जिला सदस्यता प्रमुख और सह सदस्यता प्रमुख के साथ भी बैठक कर सदस्यता अभियान के सफलता को लेकर चर्चा हुई. उन्होंने बताया कि बैठकों के दौरान पाया गया  कि भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी जोश है. सभी जिलों में एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ लगी हुई है.

क्वालिटी और क्वांटिटी दोनों पर  विशेष ध्यान

कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि सदस्यता अभियान समाज के हर वर्ग तक पहुंचने वाला होना चाहिए. क्वालिटी और क्वांटिटी दोनों पर विशेष ध्यान देने की बात उन्होंने कही. कहा कि हमें ऐसे साथी भी चाहिए जो हमारे गलत-सही पर अपना अनुभव और ज्ञान साझा कर सकें.  साथ ही ज्यादा से ज्यादा सदस्य जुड़ें,  इस बात का भी ध्यान रखना होगा.

इसको लेकर सांसद और विधायको से भी बात की गयी है. सांसदों से आग्रह किया गया है कि सदस्यता अभियान में खुद को जोड़ें और अपने संसदीय क्षेत्र में इसकी मॉनिटरिंग करें. इसके अलावा विधायकों से बूथ स्तर पर ध्यान देने को कहा गया है.  

सरकार के प्रति आम जनता का विश्वास बढ़ा है :  रघुवर दास

Ranchi : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि पिछले साढे 4 वर्ष में सरकार के प्रति आम जनता का विश्वास बढ़ा है. देश के गांव, गरीब, किसान, महिला एवं नौजवान के जीवन में बदलाव लाने का कार्य सरकार ने किया है. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तीव्र गति से विकास कर रहा है. देश और झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में खुशहाली लाना प्रधानमंत्री की सोच रही है.

किसानों के चेहरे पर मुस्कुराहट हो इसके लिए केंद्र सरकार द्वारा पीएम किसान योजना एवं राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना लागू करने का कार्य किया है.

मुख्यमंत्री ओरमांझी प्रखंड स्थित राजकीयकृत मध्य विद्यालय परिसर पांचा में वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे. कार्यक्रम में भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार वह जो जनता का दुख दर्द समझे और उसे दूर करें.

झारखंड एक ऐसा ही राज्य है. देश की आयुष्मान योजना सहित सभी योजनाओं को लागू करने में झारखंड देश में सबसे अव्वल राज्यों में है. झारखंड सरकार ने गरीबी दूर करने के लिए किसानों व मजदूरों को सबल बना रही है. चौतरफा प्रयास से काम हुए हैं और राज्य की गरीबी कम हुई है.

इसे भी पढ़ें – गिरिडीह : CCL सुरक्षा प्रभारी की हड्डियां जुबलीपीठ चानक के खंता से बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

सखी मंडलों को मजबूत करने के लिए 500 करोड़ की राशि

मुख्यमंत्री  रघुवर दास ने कहा कि राज्य में गठित सखी मंडलों के आर्थिक विकास के लिए सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है. इस बड़ी राशि से इनके आर्थिक विकास को गति मिलेगी. अब राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है कि आने वाले समय में आंगनबाड़ी केंद्रों में रेडी टू ईट की सप्लाई सखी मंडल की बहने ही करेंगी.

ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं का आर्थिक विकास करना सरकार का लक्ष्य है. मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं और नौजवानों को कौशल विकास के तहत प्रशिक्षित कर रोजगार से जोड़ने का कार्य तेज गति से किया गया है. इनका सर्वांगीण विकास प्राथमिकता रही है.

सितंबर से किसानों को मिलेगा मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि सितंबर 2019 से राज्य के 35 लाख किसानों को मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का लाभ मिलना शुरू होगा. आने वाले 3 महीनों के भीतर सरकार द्वारा राज्य के 35 लाख किसानों के खाते में डीबीटी के माध्यम से योजना की राशि उपलब्ध कराई जायेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार तत्पर है.

झारखंड के किसानों को सरकार द्वारा 5 हजार करोड़ की राशि उनके विकास के लिए खर्च करेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की यह सोच है कि किसानों को खाद बीज कीटनाशक दवा इत्यादि खरीदने के लिए दूसरों के पास हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़े. इसी को ध्यान में रखकर पीएम किसान योजना एवं मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना मिशन मोड में लायी गयी है.

इसे भी पढ़ें – चंद्रयान-2 का काउंटडाउन शुरू, 15 जुलाई को तड़के दो बजकर 51 मिनट पर रॉकेट भरेगा उड़ान

Related Articles

Back to top button