Court NewsJharkhandJharkhand StoryKhas-KhabarLead NewsNEWSRanchiTOP SLIDERTop Story

Ranchi Land Scam: सोमवार को ईडी की ओर से दायर हो सकता है आरोप पत्र, पूर्व डीसी छवि रंजन समेत 10 आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी

Ranchi: बरियातू रोड स्थित सेना के कब्जे वाली 4.55 एकड़ जमीन सहित अन्य जमीन की खरीद बिक्री में फर्जीवाड़ा मामले में ईडी सोमवार तक चार्जशीट दाखिल कर सकती है. इस मामले में रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन,कोलकाता के व्यवसायी अमित अग्रवाल व दिलीप घोष समेत 10 लोगों को अब तक ईडी गिरफ्तार कर चुकी है. गिरफ्तार लोगों में 7 की गिरफ्तारी 13 अप्रैल की देर रात हुई थी. जबकि पूर्व डीसी छविरंजन को 4 मई को ईडी ने गिरफ्तार किया था. कानूनी जानकारों के अनुसार 60 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल नहीं होने पर आरोपियों को जमानत का लाभ मिलने की संभावना रहती है, ऐसे में इस अवधि के पूरा होने से पहले ईडी की ओर से चार्जशीट दाखिल किए जाने की बात कही जा रही है.
इसे भी पढ़ें: Army Land Scam: अमित अग्रवाल और दिलीप घोष 72 घंटे की ईडी रिमांड पर, सोमवार को अगली पेशी

कब- कब हुई थी छापेमारी और गिरफ्तारियां

रांची में सेना समेत अन्य जमीनों की अवैध खरीद-बिक्री मामले में रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन और बड़गाई के राजस्व कर्मचारी भानुप्रताप सहित 18 लोगों के 22 ठिकानों पर 13 अप्रैल को सबसे पहले ईडी ने छापेमारी की थी. इस दौरान बड़ी संख्या में जमीन के फर्जी डीड, मुहर एवं अन्य कागजात ईडी को मिले थे. इस दौरान 13 अप्रैल की देर रात ही ईडी ने सात आरोपियों राजस्व कर्मचारी भानु प्रताप, प्रदीप बागची, अफसर अली, इम्तियाज खान ,तलहा खान, फैयाज खान एवं मोहम्मद सद्दाम को गिरफ्तार कर लिया था. इन सभी पर जमीन के दस्तावेज में छेड़छाड़ करने का आरोप था

इसके बाद रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन से पूछताछ के लिए ईडी ने उन्हें दो बार बुलाया. दूसरी बार की पूछताछ के दौरान ही मामले में संलिप्तता के आधार पर 4 मई को उन्हें ईडी ने गिरफ्तार किया. इसी तरह 7 जून को ईडी ने कोलकाता के व्यवसाई अमित अग्रवाल एवं जगतबंधु टी इस्टेट के मालिक दिलीप घोष को भी गिरफ्तार किया है, यह दोनों अभी ईडी की 72 घंटे की रिमांड पर है.

नवंबर 2022 में भी हुई थी छापेमारी

ईडी को मिली जानकारी के अनुसार दिलीप घोष ने ही बरियातू स्थित सेना के कब्जे वाली जमीन की खरीदारी की थी. बताया जाता है कि प्रदीप बागची ने सेना की उक्त जमीन जिस दिलीप घोष को बेची थी उस कंपनी का अघोषित मालिक अमित अग्रवाल है.इससे पहले भी नवंबर 2022 को ईडी ने रांची के बरियातू स्थित सेना के कब्जे वाली जमीन की खरीद बिक्री मामले में अमित अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, प्रदीप बागची, दिलीप घोष एवं दो रजिस्ट्रार से जुड़े दो दर्जन से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की थी.

Related Articles

Back to top button