
Ranchi: झारखंड में राजद (RJD) ने प्रदेश कार्यसमिति का गठन कर लिया है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी. बताया कि कार्यसमिति में अभी पार्टी के समर्पित और कर्मठ 125 नेताओं, कार्यकर्ताओं को जगह मिली है. इसमें हर प्रमंडल, जिले, वर्ग की भागीदारी का ध्यान रखा गया है. कार्यसमिति सदस्य में 32 नेताओं को शामिल किया गया है. इसमें उनके अलावा राज्य सरकार में मंत्री सत्यानंद भोक्ता, पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री राधा कृष्ण किशोर, चतरा लोकसभा सीट से पूर्व प्रत्याशी रहे सुभाष प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, छतरपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विजय राम समेत अन्य शामिल हैं. प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव, सुभाष यादव, पार्टी प्रवक्ता मनोज कुमार, अनीता यादव समेत अन्य भी उपस्थित थे.
किसमें कितनों को मिली जगह
संजय कुमार सिंह यादव के मुताबिक प्रदेश उपाध्यक्ष की लिस्ट में 8 लोगों को जगह दी गयी है. 33 प्रदेश महासचिव बनाए गये हैं. प्रदेश सचिव में 43, विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर 3 नेताओं को जगह मिली है. 25 अलग अलग प्रकोष्ठों में 14 प्रकोष्ठ अध्यक्ष तय कर लिए गये हैं. 4 पार्टी प्रवक्ता हैं. सोशल मीडिया प्रभारी अभी तय नहीं किए गये हैं. अभी केवल अनुमंडल अध्यक्षों की सूची में देवघर में मुकेश यादव को शामिल किया गया है. संजय यादव के मुताबिक अगले चरण में और भी नेताओं को पार्टी में जगह मिलेगी.
खतियान पर सरकार के साथ
इस सवाल पर कि क्या पार्टी 1932 के खतियान पर सरकार के साथ है, संजय यादव ने कहा कि कैबिनेट में सहयोगी होने के नाते पार्टी भी इस पर सरकार के साथ है. पार्टी प्रमुख लालू यादव भी चाहते थे कि राज्य बनने के बाद झारखंड में जनजाति समाज के व्यक्ति को सरकार चलाने का मौका मिले. वे यहां के मूलवासी, आदिवासियों के लिए चिंतित रहते रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: ताइक्वांडो में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को चाईबासा में किया गया सम्मानित




