
Jamshedpur : अंगिका जागृति संघ ने हाल ही में संपन्न पंचायत चुनाव में जिला परिषद सहित चार सीटों पर जीत दर्ज करनेवाले 4 प्रत्याशियों को सम्मानित किया. इन सभी प्रत्याशियों का संबंध अंग क्षेत्र से है. बता दें कि झारखंड के दुमका, देवघर, जामताड़ा तथा गोड्डा और बिहार के भागलपुर, मुंगेर, बांका, जमुई आदि को सम्मिलित रूप से अंग क्षेत्र के रूप में जाना जाता है. इन इलाकों के लोग जमशेदपुर में बड़ी संख्या में रहते हैं.
पूर्वी सिंहभूम में संपन्न त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भी युवा नेता परितोष सिंह सहित 4 लोगों ने विभिन्न पदों पर जीत हासिल की है. गुरुवार को विजेता प्रत्याशियों के सम्मान में अंगिका जागृति संघ के संस्थापक सदस्य सह अध्यक्ष कौशल सिंह के सर्किट हाउस एरिया स्थित निवास स्थान पर एक सम्मान समारोह सह मैत्रीभोज का आयोजन किया गया. इस अवसर पर संघ के संयोजक एवं पूर्व विधायक अरविंद सिंह, सचिव शिवशंकर सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे. सबने परितोष सिंह को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. मौके पर परितोष सिंह ने कहा कि गोविंदपुर तथा आसपास के इलाकों में आज भी मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है. उन्होंने विकास के मुद्दों पर चुनाव लडा था, अब उन्हें पूरा करना उनकी प्राथमिकता है.
जनसेवा करना ही असली राजनीतिः कौशल
संघ के संयोजक अरविंद सिंह ने कहा कि एक युवा नेता के रूप में परितोष सिंह के अच्छे कामों का आशीर्वाद जनता ने दिया है, ऐसे में अब जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि परितोष सिंह में जिला परिषद उपाध्यक्ष बनने की क्षमता है. उन्हें इसके लिए प्रयास करना चाहिए. वहीं अंगिका जागृति संघ के अध्यक्ष कौशल सिंह ने परितोष सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि जनसेवा करना ही असली राजनीति है. अंगिका जागृति संघ का सार्थक सहयोग आगे भी इनलोगों को मिलता रहेगा. कार्यक्रम में मुख्य रूप से अजय सिंह, राजेश सिंह बम, रणबीर सिंह, शशिभूषण सिंह, रमण सिंह, संजीव सिंह, कलानंद, भैरो सिंह, बेदा सिंह, अक्षय झा आदि मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें- प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना : मछुवारों को मिलेगा बिना प्रिमियम के बीमा योजना का लाभ




