JharkhandLead NewsPalamu

…और समाहरणालय पहुंचकर खुद पर केरोसीन उड़ेल आग लगाने लगी महिला

महिला पुलिसकर्मियों ने आत्मदाह करने से रोका

Palamu : शहर के विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण के पूर्व कर्मचारी मानदेय भुगतान सहित अपनी 11 सूत्री मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं.

आश्वासन के बावजूद गुरुवार को मांगें पूरी नहीं होने पर पलामू समाहरणालय के गेट पर एक महिला कर्मी पूजा कुमारी ने आत्मदाह का प्रयास किया. उसने खुद पर केरोसीन तेल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने उसे ऐसा करने से रोक लिया.

महिला पुलिसकर्मियों ने उससे केरोसीन तेल और माचिस छीनकर जब्त कर लिया. मौके पर बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. दमकल वाहन और कर्मी भी तैनात हैं.

विदित हो कि विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण के पूर्व कर्मचारियों द्वारा पूर्व में आंदोलन किये जाने के कारण प्रशासनिक स्तर पर बैठक हुई है, लेकिन कर्मियों का आरोप है कि उनकी मांगों को दशहरा के समय से अब तक पूरा नहीं किया गया.

इससे पहले भी उनके द्वारा कई बार अनशन किया गया था. उस समय उनकी मांगों को पूरा करने की बात कही गयी थी, लेकिन कोई निर्णय नहीं हो पाया. पिछली बार सदर एसडीओ द्वारा इस संबंध में बैठक कर 10 दिनों के भीतर भुगतान का निर्णय लिया गया था.

इसे भी पढ़ें : नक्सलियों ने झारखंड के स्थानीय भाषाओं में लिखे पोस्टर चिपकाये

अधिकारियों ने बैंक डिटेल एसडीओ कार्यालय में जमा करने को कहा था

कर्मचारियों ने कहा कि मांगों के समर्थन में गुरुवार की दोपहर आत्मदाह की तैयारी थी, लेकिन प्रशासनिक हस्तक्षेप होने के कारण उन्होंने कार्यक्रम स्थगित किया था.

कर्मी सह प्रबंधक पूजा कुमारी ने कहा कि मौके पर पहुंचे उपविकास आयुक्त शेखर जमुहार और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आफताब आलम ने बताया कि कर्मियों के बकाया मानदेय का उनके पर्सनल खाते में भुगतान कर दिया जायेगा. इसके लिए बैंक डिटेल सहित अन्य कागजात एसडीओ कार्यालय में जमा कराने को कहा गया.

इसे भी पढ़ें : देवघर : जिले के पांच थाना क्षेत्रों से साइबर अपराध के 18 आरोपी गिरफ्तार

एसडीओ कार्यालय ने भी बैरंग लौटाया, तो समाहरणालय आकर किया आत्मदाह का प्रयास

प्रशासनिक अधिकारियों के कहे अनुसार सारे कर्मी बैंक डिटेल जमा कराने के लिए एसडीओ कार्यालय गये थे. यहां उन्हें बताया कि पर्सनल खाते में मानदेय भेजना गैर कानूनी रहेगा. संस्था के खाते में भुगतान होगा.

इससे पूजा कुमारी सहित रानी कुमारी, मंजू देवी, रमेश पासवान, सकीना बीबी, पुनिता कुमारी, सुधीर उरांव सहित अन्य कर्मी वापस समाहरणालय के गेट पर पहुंच गये. इसी क्रम में अचानक पूजा कुमारी केरोसीन तेल अपने शरीर पर छिड़कने लगी और साथी कर्मियों से आग लगाने के लिए माचिस मांगा.

केरोसीन तेल शरीर पर डालते देख मौके पर मौजूद महिला सुरक्षाकर्मी दौड़ीं और केरोसीन तेल से भरा डिब्बा पूजा कुमारी के हाथ से झपट लिया और माचिस को भी जब्त कर लिया. इस दौरान समाहरणालय परिसर में अफरा तफरी का माहौल बना रहा.

इस मामले में राजनीति हो रही है : डीडीसी

इधर, डीडीसी ने कहा कि कर्मियों को उनके निजी खाते में भुगतान की बात कही गयी थी, लेकिन कर्मी संस्था के खाते में भुगतान की मांग पर अड़े हुए हैं. आत्मदाह का प्रयास भी किया. इस मामले में राजनीति हो रही है. पूरे मामले पर प्रशासन की नजर है. उचित कार्रवाई की जायेगी.

इसे भी पढ़ें : MSP पर सबसे ज्यादा पंजाब से हुई धान की खरीदारी, जानिए किस राज्य से हुई सबसे कम खरीद

Related Articles

Back to top button