
New Delhi : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि वह ‘‘पूरी तरह स्वस्थ’’ हैं और किसी बीमारी से पीड़ित नहीं हैं. शाह ने बयान जारी कर कहा कि उनके स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में अफवाह सोशल मीडिया के माध्यम से फैली.
उन्होंने ट्वीटर पर बयान साझा करते हुए कहा, ‘‘मैं पूर्ण रूप से स्वस्थ हूं और मुझे कोई बीमारी नहीं है.’’
इसे भी पढ़ेंः #Jharkhand के 5 लाख 85 हजार 338 मजदूरों ने घर वापसी के लिए कराया पंजीयन
इस बीच भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि अमित शाह के स्वास्थ्य के बारे में अमानवीय टिप्पणियां निंदनीय हैं, यह उनकी (टिप्पणी करने वालों की) मानसिकता दर्शाती है.
शाह ने कहा, जब मुझे अफवाह के बारे में पता चला तो मैंने सोचा कि ये सभी लोग अपने काल्पनिक सोच का आनंद लेते रहें, इसलिए मैंने कोई बयान नहीं जारी किया. परंतु मेरे पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं और मेरे शुभचिंतकों ने विगत दो दिनों से काफी चिंता व्यक्त की. उनकी इस फिक्र मैं नजरअंदाज नहीं कर सकता हूं. इसलिए बयान जारी कर रहा हूं.
इसी के साथ केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता जतायी है और अधिकारियों से इस जानलेवा वायरस को फैलने से रोकने के तरीकों पर चर्चा की है.
इसे भी पढ़ेंः वो कौन लोग हैं जो लॉकडाउन की त्रासदी के बीच मर जाने वाले मजदूरों के प्रति समाज में घृणा फैला रहे हैं?
सीएपीएफ में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस), एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) और एनएसजी (राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड) आते हैं.
शाह की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में इन बलो में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर चर्चा हुई. बैठक में बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी और एनएसजी के महानिदेशकों के अलावा गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे.
गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि शाह ने सीएपीएफ के सभी बलों के महानिदेशकों के साथ बैठक कर उनके द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की और साथ ही बलों के जवानों में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों पर चिंता जतायी.
उन्होंने इस बलों में वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने और उनके हित/कल्याण के लिए उठाए गए कदमों पर चर्चा की. अभी तक सीएपीएफ के 530 कर्मियों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. इन बलों के पांच जवानों, बीएसएफ और सीआईएसएफ के दो-दो और सीआरपीएफ के एक जवान की कोविड-19 से मौत हो चुकी है.
फिलहाल बीएसएफ के 221, सीआरपीएफ के 161, सीआईएसएफ के 35, आईटीबीपी के 94 और एसएसबी के कम से कम 17 जवानों का कोरोना वायरस संक्रमण के लिए इलाज चल रहा है.
इसे भी पढ़ें: माननीय! सुनिए मजदूरों की पीड़ाः खाने के लिए दाने -दाने को मोहताज हो रहे प्रवासी मजदूर




