Sports

एशियन जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जेएसएसपीएस की अमीषा केरकेट्टा ने जीता रजत पदक

Ranchi : झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (जे०एस०एस०पी०एस०) की बॉक्सर अमीषा केरकेट्टा ने 54 किलो वर्ग में भारत का नेतृत्व करते हुए अबू धाबी (संयुक्त अरब अमिरात) में चल रहे ASBC जूनियर एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीता है. 27 अगस्त से 10 सितम्बर तक खेले गए इस प्रतियोगिता के फाइनल में अमीषा ने अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन दिखाया हालांकि वह तजाकिस्तान के बॉक्सर फरिनोज़ अबदुल्लोवा से फाइनल मैच में हार गई और रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा. इसके साथ ही उसने झारखंड के साथ साथ देश का नाम भी रोशन किया.जे०एस०एस०पी०एस० के प्रशिक्षक एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कैप्टन बी बी मोहंती ने कहा कि आने वाले समय में अमीषा और अच्छा प्रदर्शन करेगी. सीसीएल प्रबंधन, जे०एस०एस०पी०एस, एलएमसी  के सदस्यगण एवं  CEO जी.के.राठौर, विभिन्न खेलों के प्रशिक्षकगण एवं अन्य ने अमीषा केरकेट्टा को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बधाइयां एवं शुभकामनाएं दी हैं.

अमीषा सिमडेगा के एक गाँव पैकपारा की रहने वाली है. उसके पिता दिलीप केरकेट्टा किसान हैं. अमीषा बचपन से ही खेल में रुचि रखती थी और   जे०एस०एस०पी०एस० में दाखिला और प्रशिक्षण के उपरांत पदक उसने जीतना प्रारंभ किया था.  वर्ष  2023 में अमीषा केरकेट्टा  IBA वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप में रजत पदक जीती थी.

जे० एस० एस० पी० एस का संयुक्त रूप से संचालन सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड एवं झारखण्ड राज्य सरकार करती है. इसका मुख्य उद्देश्य झारखंड राज्य के प्रतिभावान बच्चों को खेल जगत में प्रोत्साहित करना है. वर्तमान में जे० एस० एस० पी० एस० खेल अकादमी में कुल 286  प्रशिक्षु हैं जिन्हें कुल 11 खेल विधाओं जैसे वेटलिफ्टिंग, साईकलिंग , मुक्केबाज़ी,कुश्ती आदि में निपुण प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है.

Related Articles

Back to top button