
Bahragoda : बड़सोल थाना क्षेत्र के गहलामुड़ा स्थित ग्लोबस स्पिरिट्स लिमिटेड कंपनी में 12 मई को हुई एक हादसे में मृत मजदूर अमर ध्रुव के परिजनों को मुआवजा देने और कार्यरत मजदूरों को सुरक्षा उपकरण देने मांग को लेकर मजदूरों ने शुक्रवार को कंपनी गेट पर धरना-प्रदर्शन किया. इसका नेतृत्व मजदूर राजकुमार दास कर रहे थे. मजदूरों के लगभग एक घंटे तक प्रदर्शन करने के बाद कंपनी के जीएम अमरेंद्र प्रताप सिंह से उनकी फोन पर बातचीत करायी गयी. जीएम ने मजदूरों को बताया कि मृत मजदूर के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. साथ ही उसके परिजनों को भी सूचना दे दी गयी है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से अमर के परिजनों के आने के बाद जो मुआवजा तय होगा, उन्हें दिया जायेगा. उन्होंने सभी मजदूरों को हेलमेट, जूता, सेफ्टी बेल्ट आदि देने की बात भी कही. जीएम के आश्वासन के बाद मजदूर काम पर लौट गये.
ऊपर से लोहे का चैनल गिरने से चकनाचूर हुई खोपड़ी
बता दें कि गुरुवार को ग्लोबस स्पीरिट्स कंपनी में चिमनी लगाने के बाद उसमें लगे टावर को खोला जा रहा था, तभी ऊपर से चैनल नीचे खड़े अमर ध्रुव नामक मजदूर के सिर पर जा गिरा. उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मजदूर के खोपड़ी पूरी तरह चकनाचूर हो गयी थी. तत्काल वहां मौजूद दूसरे मजदूर उसे बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गये, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृत मजदूर अमर ध्रुव छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रामायण चौक, चांटीडीह थाना सरकंडा का रहनेवाला था. इस संबंध में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी मजदूर रविदास मानिकपुरी ने कहा कि उन्हें 23 अप्रैल को ग्लोबस स्पिरिट्स लिमिटेड में चिमनी लगाने के लिए मजदूर के रूप में लाया गया था. रविदास ने कहा कि कंपनी में हेलमेट, जूता, सेफ्टी बेल्ट आदि नहीं दिया जाता है. अगर हेलमेट दिया जाता तो अमर ध्रुव की जान बच जाती.
इसे भी पढ़ें: श्रम विभाग के अधिकारियों ने केरल का किया दौरा, “श्रमिक वाणिज्य दूतावास” की स्थापना पर हुई बात




