
Jamtara: जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में एक युवक की चाकू मार कर हत्या करने का मामला सामने आया है. थाना क्षेत्र के रामू खटाल में शुक्रवार अहले सुबह अपराधियों ने एक शख्स पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल शख्स को चितरंजन के केजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान शख्स की मौत हो गई है. मृतक की पहचान प्रेम पांडे के रूप में की गई है. जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
इसे भी पढ़ें- चाकू मारकर युवक को किया घायल, इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रेम पांडे गुरुवार की देर रात किसी का दाह संस्कार कर चितरंजन श्मशान घाट से लौटा था. इसके बाद वह रात में सो गया. शुक्रवार अहले सुबह अपराधियों ने उसके घर पर पहुंचकर आवाज देकर बुलाया. जैसे ही प्रेम घर से बाहर निकला अपराधियों ने ताबड़तोड़ चाकू से उसपर वार कर दिया. प्रेम की चीखने की आवाज सुनकर घर वाले और आसपास के लोग जग गए. लोग प्रेम को बचाने के लिए जैसे ही घरों से निकले अपराधी मौके से फरार हो गए. इसके बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने घायल अवस्था में प्रेम को चितरंजन के केजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया. जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है. इस संबंध में जामताड़ा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है. छानबीन के बाद ही कुछ पता चल पाएगा. फिलहाल हत्या का कारण पता नहीं चल सका है.




