
Ranchi : आजसू पार्टी के सभी जिला प्रभारियों और सभी अनुषंगी ईकाई के प्रदेश अध्यक्ष, महासचिव एवं संयोजक की प्रदेश स्तरीय बैठक शुक्रवार को आयोजित की गयी. पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सदस्यता अभियान का लक्ष्य और संगठन विस्तार के संदर्भ में विचार विमर्श किया गया.
बैठक में 22 जून तक पूरे राज्य में 1 लाख सक्रिय सदस्य तथा 10 लाख साधारण सदस्य बनाने तथा निर्धारित अवधि तक सभी सहयोगी इकाइयों के पुनर्गठन एवं विस्तार को लेकर विचार किया गया.
मौके पर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि काम से ही परिणाम मिलता है. हमें पीछे की बातों को भूल कर एक नयी शुरुआत करनी है. उन्होंने पदाधिकारियों से पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया और कहा कि आजसू पार्टी हर चौक, हर पंचायत, हर गांव-मोहल्ला में अपने कार्यकर्ता तैयार करेगी.
इसे भी पढ़ें : 50 साल से अधिक उम्र वालों को कब लगेगा कोरोना का टीका? जानिए डॉ हर्षवर्धन ने दी है कौन सी तारीख
11 फरवरी से सदस्यता अभियान की शुरुआत
महान क्रांतिकारी एवं झारखंड के वीर सपूत बाबा तिलका मांझी की जयंती के अवसर पर 11 फरवरी से आजसू पार्टी पूरे राज्य में सदस्यता अभियान की शुरुआत करेगी. 22 जून तक पूरे राज्य में 1 लाख सक्रिय सदस्य तथा 10 लाख साधारण सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया गया है.
पार्टी 15 मार्च तक जिला स्तरीय तथा प्रदेश स्तरीय सम्मेलन, 15 अप्रैल तक प्रखंड स्तरीय सम्मेलन और 15 मई तक पंचायत स्तरीय सम्मेलन का आयोजन करेगी.
इसे भी पढ़ें : हाल-ए-पार्किंग: रातू रोड में पार्किंग स्थल नहीं होने का हश्र, हर दिन लाखों लोग जाम से होते हैं परेशान
पार्टी ने नये चेहरों को नयी जिम्मेदारी सौंपी है. कृषि के क्षेत्र में अनुभव रखनेवाले कपिल देव को अखिल झारखंड किसान संघ का संयोजक बनाया. तीरंदाजी के क्षेत्र से आनेवाले करण कर्माकर को अखिल झारखंड खेल प्रकोष्ठ का संयोजक, दीपक कुमार अग्रवाल को अखिल झारखंड उद्योग एवं व्यापार संघ तथा राधेश्याम गोस्वामी को अखिल झारखंड अधिवक्ता संघ का संयोजक बनाया गया.
बैठक में केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो, पूर्व मंत्री सह पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक सह पार्टी के उपाध्यक्ष कमल किशोर भगत, पूर्व मंत्री सह पार्टी के उपाध्यक्ष उमाकांत रजक, पूर्व विधायक सह पार्टी के उपाध्यक्ष अक़ील अख्तर एवं कुशवाहा शिवपूजन मेहता, विधायक सह पार्टी के महासचिव लम्बोदर महतो, मुख्य केंद्रीय प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, केंद्रीय महासचिव राजेंद्र मेहता, पार्टी की संगठन सचिव शालिनी गुप्ता, केंद्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह, महिला मोर्चा की केंद्रीय संगठन सचिव वर्षा गाड़ी सहित अन्य उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें : चाइल्ड पोर्नोग्राफी देखने के एडिक्ट दरबान ने 8 साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद की हत्या, गिरफ्तार




