
Jamshedpur : जमशेदपुर में रफ्तार का कहर कुछ इस कदर देखने को मिला कि एक छात्र की मौत हो गई. सिदगोड़ा के जहरटोला के पास एक तेज़ रफ्तार बाइक सवार ने साइकिल से अपने स्कूल जा रहे छात्र को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्र साइकिल समेत सड़क पर दूर जा गिरा. घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार भी सड़क पर गिर गया पर वह बाइक उठाकर मौके से फरार हो गया. इधर, स्थानीय लोगों ने छात्र की पहचान करते हुए उसके घर वालों को सूचित किया. सूचना पाकर परिजन घटनास्थल पहुंचे और घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान बारीडीह लोहिया पथ निवासी विनोद प्रसाद के 14 वर्षीय पुत्र आदित्य प्रसाद के रूप में की गई.

आदित्य एआईडब्ल्यूसी स्कूल में छठी कक्षा का छात्र था. वह दो बहन और एक भाई में सबसे छोटा था. पिता टाटा स्टील में ठेका कर्मी है. परिजनों ने बताया कि वह साइकिल से अपने स्कूल जा रहा था तभी जाहेरटोला के पास एक तेज़ रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी. घटना के बाद वह काफी देर तक सड़क पर ही पड़ा रहा. उसे अस्पताल लेकर पहुंचे पर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. वहीं जानकारी देते हुए सिदगोड़ा थाना के एसआई राजेश कुमार यादव ने बताया कि उन्हें सड़क दुर्घटना के बारे में सूचना मिली थी. सूचना पाकर वे एमजीएम अस्पताल पहुंचे जहां उन्हें पता चला कि घायल की मौत हो चुकी है. फिलहाल शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. पुलिस टक्कर मारने वाले की पहचान कर रही है.




