
Chhaya
Ranchi: मुख्यमंत्री लघु कुटीर उद्यम विकास बोर्ड के गठन को साढ़े तीन साल बीत गये हैं. लेकिन अभी तक न ही बोर्ड की ओर से ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने पर कोई पहल की गयी और न ही बोर्ड खुद सुव्यवस्थित नजर आता है.
गौरतलब है कि पूर्व की रघुवर सरकार की ओर से साल 2017 में बोर्ड का गठन किया गया. जिसका मुख्य उद्देश्य ग्राम उत्पादों को बढ़ावा देते हुए ग्रामीणों को रोजगार मुहैया कराया जाना था. पिछले तीन सालों से बोर्ड की ओर से शहद, बांस और लाह को बढ़ावा देने के साथ कई सर्वे कराये गये. लेकिन कोई भी कार्य योजना बोर्ड की ओर से सफल नहीं हुई.
इसे भी पढ़ेंःसकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभायेगी BJP, जनविरोधी नीतियों पर बुलंद करेंगे आवाज: दीपक प्रकाश
बांस के लिये पिछले साल सिंतबर में बोर्ड और उद्योग विभाग के अंतर्गत बैंबू कॉनक्लेव का आयोजन किया गया. जिसके बाद बोर्ड द्वारा बांस कारीगरों को उद्यमी मंडल से जोड़ उन्हें प्रशिक्षण देना था. प्रशिक्षण के बाद इन कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराना था. लेकिन अभी तक बोर्ड की ओर से एक भी उद्यमी मंडल को रोजगार नहीं मुहैया कराया गया.
लाह के लिये हुआ एग्रीमेंट धरा रह गया
अप्रैल 2018 में बोर्ड की ओर से सिदरौल स्थित लाह फैक्टरी का अधिग्रहण किया गया. इसके पहले इस फैक्टरी को झासको लैप्स संचालित करता था. फैक्टरी के साथ बोर्ड ने समझौता किया कि बोर्ड के उद्यमी मंडल लाह जमा कर फैक्टरी में देंगे.
जिसके बाद लाह के वैसे उत्पाद बनाये जायेंगे. जिसे मार्केट में उतरा जा सकें. इसके लिये उद्यमी मंडलों को प्रशिक्षण भी दिया जाता. बोर्ड के ही नामकोम के एक ब्लॉक को-ऑडिनेटर को इसका कार्य भार भी दिया गया. लेकिन अब यह एग्रीमेंट फेल हो चुका है. और फैक्टरी भी बंद हो चुकी है.
इतना ही नहीं, इसका कार्यभार जिस ब्लॉक को-ऑडिनेटर को दिया गया, उससे भी कार्यभार वापस ले लिया गया. ऐसे में लाह की योजना भी बोर्ड की फेल हो गयी.
काम के नाम पर कराया कई सर्वे
अपने शुरूआती दिनों में बोर्ड की ओर से कई सर्वे कराये गये. डिस्ट्रिक्ट को-ऑडिनेटर्स, ब्लॉक को-ऑडिनेटर्स और विलेज को-ऑडिनेटर्स की नियुक्ति की गयी. हालांकि साल 2018 में विलेज को-ऑडिनेटर्स को ब्लॉक ने एकाएक हटा दिया.
अलग-अलग स्तर पर नियुक्त किये गये को-ऑडिनेटर्स से बोर्ड ने कई सर्वे कराये. इसमें जिला और ब्लॉक को-ऑडिनेटर्स से पंचायती राज का बीपीएल सर्वे कराया गया. जिसमें डेढ़ साल का समय लगा.
जबकि विलेज को-ऑडिनेटर्स से भूमिहीनों का सर्वे कराया गया. बता दें वर्तमान में बोर्ड के पास मात्र 21 डिस्ट्रिक्ट को-ऑडिनेटर्स हैं. वहीं तीन को-ऑडिनेटर्स ने बोर्ड की व्यवस्था से असंतुष्ट होकर कार्य छोड़ दिया.
इसे भी पढ़ेंःफर्जी जाति प्रमाण पत्र का मामला : गिरिडीह मेयर सुनील पासवान का निर्वाचन खतरे में, HC में याचिका खारिज
32,620 विलेज को-ऑडिनेटर्स कार्य मुक्त
भले ही भूमिहीनों के सर्वे के लिये बोर्ड ने विलेज को ऑडिनेटर्स की नियुक्ति की हो. लेकिन साल 2017 में नियुक्ति करने के एक साल के भीतर ही इन्हें कार्य मुक्त कर दिया गया. साल 2018 में बोर्ड की ओर से आदेश निर्गत किया गया कि विलेज को ऑडिनेटर्स से काम नहीं लिया जायेगा. दरअसल, बोर्ड की ओर से विलेज को-ऑडिनेटर्स की नियुक्ति के समय इनके मानेदय की कोई चर्चा नहीं की गयी थी.
भूमिहीनों के सर्वे के बाद विलेज को-ऑडिनेटर्स मानदेय की मांग करने लगे. इस पर सीएस स्तर तक की बैठक हुई. एक करोड़ की राशि आवंटित की गयी. लेकिन इसी बीच बोर्ड की ओर से इनके कार्यमुक्ति का आदेश दे दिया गया.
बोर्ड की कार्यशैली पर उठे सवाल
वर्तमान सरकार ने श्वेत पत्र जारी करते हुए लघु कुटीर उद्यम विकास बोर्ड की कार्यशैली पर सवाल उठाया है. इसके साथ ही सरकार ने कहा था कि पूर्व सरकार ने बोर्ड का गठन तो कर दिया लेकिन यह व्यवस्थित नहीं है. साथ ही इसका राजनीतिकरण किये जाने की बात की.
हालांकि कुछ डिस्ट्रिक्ट को-ऑडिनेटर्स ने सरकार के इस बयान का विरोध किया. लेकिन इन्होंने नाम न छापने की शर्त पर यह भी माना कि बोर्ड में पिछले साढ़े तीन सालों में कोई भी योजना सफल नहीं हुई.
इसे भी पढ़ेंःहाइकोर्ट से राहतः ढुल्लू महतो और उनके भाई के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट निरस्त




