
Ranchi: देवघर में राजकीय श्रावणी मेला में तैनात पुलिसकर्मियों की अगले आदेश तक के लिये सभी प्रकार की छुट्टी स्थगित कर दी गई है. देवघर एसपी ने इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया है. आदेश में बताया गया है कि श्रावणी मेला-2023 के मलमास पक्ष की समाप्ति के पश्चात् द्वितीय मेला अवसर पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण के लिये काफी भीड़ होने की संभावना है, इसको देखते हुए सभी प्रकार के अवकाश को अगले आदेश तक के लिए स्थगित किया जाता है. सभी ओपी, टीओपी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी अनुपालन करना सुनिश्चित करेंगे.
इसे भी पढ़ें: धनबाद के फुसबंगला रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत
बिना नेम प्लेट ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मी पर होगी कार्रवाई
देवघर एसपी ने राजकीय श्रावणी मेला में कई पुलिसकर्मी को ड्यूटी के दौरान बिना नेम प्लेट देखे जाने की सूचना पर कार्रवाई की चेतावनी दी है. एसपी की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि सभी ओपी, टीओपी एवं क्यूआरटी मे प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी व कर्मी को डयूटी के दौरान प्रायः देखा गया कि वे बिना नेम प्लेट के डयूटी में रहते हैं. अत सभी ओपी, टीओपी एवं क्यूआरटी प्रभारी को आदेश दिया जाता है कि डयूटी के दौरान सभी पुलिस पदाधिकारी व कर्मी अपना नेम प्लेट निश्चित रूप से लगायेंगे. डयूटी के दौरान बिना नेम प्लेट के पाये जाने पर कार्रवाई की जायेगी. 





