NationalNEWSTOP SLIDER

Attention… ! इसीआर का फैसला, सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक नहीं चलेगी कोई ट्रेन

Train Cancelled Due To Protest: अग्निपथ योजना के विरोध में चल रहे धरना-प्रदर्शन के दौरान हिंसा और आगजनी को लेकर रेलवे ने पूर्व मध्य रेल (ईसीआर) के स्टेशनों से गुजरने या पहुंचने वाली ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया है. ट्रेनों को रात आठ बजे से सुबह चार बजे तक चलाया जायेगा. ईसीआर के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार की रात आठ बजे से 19 जून को अहले सुबह चार बजे तक ही ट्रेनें चलेंगी. पुन: 19 जून को रात आठ बजे से 20 जून को अहले सुबह चार बजे तक चलेगी.

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रेलवे संपत्तियों की तोड़फोड़ से अकेले बिहार में 200 करोड़ से अधिक का नुकसान का अनुमान लगाया गया है. हिंसक आंदोलन के कारण रेलवे ने 210 मेल एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की हैं. जबकि 159 पैसेंजर ट्रेनों को कैंसल किया गया है. दो मेल एक्सप्रेस ट्रेनों को आंशिक तौर पर रद्द किया गया है. कुल 371 रेलगाड़ियां प्रभावित हुई हैं.

जानकारी देते हुए पूर्व मध्य रेलवे की ओर से जारी एक ट्वीट में कहा गया कि हिंसक प्रदर्शन के कारण ट्रेनों के परिचालन में अस्थाई बदलाव किए हैं. रेलवे ने बताया कि प्रदर्शन के कारण यात्री सुरक्षा के मद्देनजर दूसरे क्षेत्रीय रेलों से खुलकर पूर्व मध्य रेल क्षेत्राधिकार से गुजरने वाली ट्रेनों के परिचालन में अस्थाई बदलाव किया गया है.

रेलवे के ट्वीट के मुताबिक यात्रियों और रेल संपत्तियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है कि दिनांक 18.06.2022 को 20.00 बजे से 19.06.2022 को 04.00 बजे तक तथा पुन: 19.06.2022 को 20.00 बजे से 20.06.2022 को 20.00 बजे तक ही पूर्व मध्य रेल क्षेत्राधिकार से गुजरने/पहुंचने वाली ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा.

रेलवे ने शुक्रवार जानकारी दी कि हिंसक प्रदर्शन के कारण 300 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित हुई हैं, जबकि 234 रद्द की जा चुकी हैं. वहीं, प्रदर्शकारियों ने 7 ट्रेनों में आगजनी की है. रेलवे ने कहा कि प्रदर्शन के कारण 94 मेल व एक्सप्रेस ट्रेन जबकि 140 यात्री ट्रेन रद्द की जा चुकी हैं. साथ ही 65 मेल व एक्सप्रेस ट्रेन और 30 यात्री ट्रेन आंशिक रूप से रद्द की गई हैं. इसके अलावा रेलवे ने 11 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग भी बदला है.

मंडलीय रेलवे के बयान के अनुसार, पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) में 164, उत्तर पूर्वी रेलवे (एनईआर) में 34, उत्तर रेलवे (एनआर) में 13 और पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में लगभग तीन ट्रेन रद्द की गईं हैं. दक्षिण रेलवे ने एक बयान में कहा कि आंदोलन और आगजनी को देखते हुए उसके अधिकार क्षेत्र से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के गंतव्यों की ओर जाने वाली सभी ट्रेनों को बीच में ही रोक दिया गया है.

इसे भी पढ़ें: बिहार BJP के 10 नेताओं को CRPF की ‘Y’ श्रेणी सुरक्षा

Related Articles

Back to top button