
Jamshedpur : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के साउथ पार्क की रहनेवाली तृक्षा पटेल उर्फ वर्षा पटेल की हत्या के मामले में अधिवक्ता विद्या सिंह ने पुलिस की जांच पर सवाल उठाए हैं. गुरुवार को उन्होंने अदालत में एक अर्जी दाखिल की है. उसमें उन्होंने लिखा है कि वर्षा हत्याकांड को 81 दिन हो गए हैं. बावजूद इसके पुलिस ने इस कांड में आरोप पत्र समर्पित नहीं किया है. वैसे इसके लिए 90 दिनों का समय रहा है. फिर भी उन्होंने आशंका जतायी है कि कहीं पुलिस आरोपी को बचाने में तो नहीं जुटी है. यहां बता दें कि कांड का आरोपी पुलिस सब इंस्पेक्टर धर्मेन्द्र कुमार सिंह फिलहाल जेल में है. अधिवक्ता की आशंका यह है कि यदि तय समयसीमा के भीतर पुलिस आरोप पत्र दाखिल नहीं करती है तो उसका लाभ आरोपी को मिल सकता है.
वर्षा के भाई को तीन मामलों में फंसाने का भी आरोप
इतना ही नहीं अधिवक्ता विद्या सिंह ने अदालत में दाखिल अर्जी में वर्षा के भाई प्रकाश पटेल को तीन मामलों में फंसाने का भी पुलिस पर आरोप लगाया है. उनका कहना है कि इन मामलो में सीधे तौर प्रकाश का नाम तक नहीं आया था, फिर भी पुलिस ने उसका प्रोडक्शन कराया है और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. अधिवक्ता ने अर्जी में लिखा है कि प्रकाश वर्षा का भाई है, जबकि वर्षा की हत्या का आरोपी पुलिस वाला है. वह एएसआई के रूप में बिष्टुपुर थाने में पदस्थापित था. फिलहाल उसके कई साथी थाना में हैं. इधर, पुलिस की मानें तो जिस मामले में प्रकाश का नाम आया है वह अन्य लोगों के फर्द बयान में आया है. उसी आधार पर उसे रिमांड पर लिया गया है. फिर भी अधिवक्ता ने अपनी आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं.
ये भी पढ़ें- जमशेदपुर : धर्मेन्द्र हत्याकांड में रुपयों के लेन-देन और रंगदारी में उलझी पुलिस, आरोपी का बयान शक के दायरे में




