
Jamshedpur : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत रामजनमनगर निवासी 24 वर्षीय नम्रता कुमारी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. नम्रता के परिजन उसे टीएमएच ले गए जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. नम्रता के पति दीप नारायण के अनुसार बीती रात नम्रता के साथ उसका झगड़ा हुआ था जिसके बाद वह 10 मिनट के लिए कमरे से बाहर गया था. इसी बीच नम्रता ने फांसी लगा ली. वहीं इस मामले में लेकर मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है. नम्रता बिहार के बक्सर की रहने वाली है. 21 नवंबर 2021 को कदमा रामजनमनगर के रहने वाले बैंक कर्मी दीप नारायण शर्मा से हुई थी. जानकारी देते हुए नम्रता के पिता के साथी के बेटे ने बताया कि देर रात 1 बजे ससुराल पक्ष के लोगों ने फोन कर जानकारी दी कि नम्रता की स्थिति खराब है वह अस्पताल में भर्ती है पर थोड़ी देर बाद ही उन्हें मौत की जानकारी मिल चुकी थी. मायके पक्ष का कहना है कि नम्रता ने आत्महत्या नहीं की है बल्कि उसकी हत्या कर साक्ष्य छुपाने के लिए आत्महत्या का रूप दिया जा रहा है. सूचना पाकर मायके पक्ष के लोग जमशेदपुर के लिए रवाना हो चुके है. नम्रता के शव को टीएमएच के शव गृह में रखा गया है.




