
ADITYAPUR : आदित्यपुर के जाने-माने उद्यमी सुधीर सिंह के लापता होने का मामला सामने आया है. उनकी औद्योगिक क्षेत्र में कालीमाटी इंडस्ट्रीज नाम की कंपनी है. उनके लापता होने के मामले में परिजनों ने आदित्यपुर थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया है. पुलिस को बताया गया है कि शुक्रवार की देर रात से उनका कोई पता नहीं है. सुधीर सिंह के परिजनों के अलावा शनिवार को उद्यमी संगठन एसिया के प्रतिनिधि भी आदित्यपुर थाना पहुंचे. उन्होंने भी आदित्यपुर पुलिस से सुधीर सिंह को जल्द से जल्द ढूंढने का अनुरोध किया है.
इधर आदित्यपुर थाना प्रभारी राजन कुमार का कहना है कि सुधीर सिंह की गुमशदगी का लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस उनकी खोजबीन में जोरशोर से जुटी हुई है. थाना प्रभारी ने बताया कि हालांकि एक लड़के ने सुधीर सिंह का मोबाइल उनके घर जाकर उनकी बेटी को दिया. उस लड़के के बारे में पता किया जा रहा है. सुधीर के मोबाइल फोन को तकनीकी सेल को सौंप दिया गया है. उन्होंने बताया कि सुधीर सिंह के रांची में एक घनिष्ठ मित्र रहते हैं. उनके यहां पता करने के लिए रांची पुलिस से अनुरोध किया गया है. थाना प्रभारी ने किसी अनहोनी की आशंका से इंकार किया है. संभावना यह भी जतायी जा रही है कि मानसिक आशांति के कारण शायद वे कहीं चले गए हैं और जल्दी ही लौट आयेंगे. हालांकि पुलिस का पूरा जोर फिलहाल उद्यमी को सकुशल ढ़ूंढ़ निकालने पर है. उसके बाद ही आदित्यपुर पुलिस ने इस मामले में पुख्ता तौर पर कुछ कहने की बात कही है.
इसे भी पढ़ें – सरकार ने नौकरी से निकाला, विधवा पत्नी ने लड़ी कानूनी लड़ाई, हाइकोर्ट ने आठ सप्ताह में नौकरी देने का दिया आदेश




