
Garhwa : गढ़वा पुलिस और सीआरपीएफ-172 बटालियन ने रंका थाना क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी करते हुए एक लाख के इनामी नक्सली लालदेव भुइयांं को गिरफ्तार किया है. पुलिस को लंबे समय से नक्सली लालदेव भुइयां की तलाश थी. नक्सली लालदेव भुइयां लातेहार और पलामू क्षेत्र में कई नक्सली घटनाओं को अंजाम दे चुका हैं.
गुप्त सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक शिवानी तिवारी को गुप्त सूचना मिली कि नक्सली लालदेव भुइयां रंका थाना क्षेत्र में आया हुआ है. जिसके बाद रंका पुलिस और सीआरपीएफ 172 बटालियन के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर रंका थाना क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया. इसी क्रम में नक्सली लालदेव भुइयांं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
जेल से छूटे नक्सलियों को संगठन में शामिल कराता था
नक्सली लाल देव भुइयां पुराने नक्सलियों और जेल से छूटे नक्सलियों को दोबारा संगठन में शामिल कर फिर से गढ़वा जिला में नक्सली संगठन को मजबूत करने की कोशिश में लगा हुआ था. लेकिन उसकी गिरफ्तारी से नक्सली संगठन को बहुत बड़ा झटका लगा है. नक्सली संगठन को मजबूत करने की योजना को पुलिस ने विफल कर दिया.
हत्या समेत कई घटनाओं का दे चुका है अंजाम
लालदेव भुइयांं से जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि उसने नक्सली दस्ते के साथ मिलकर लातेहार के मनिका में गौरी साव और पलामू के पांकी में एक व्यक्ति की हत्या की थी. इसके अलावा पांकी थाना क्षेत्र में मोबाइल टावर जलाने के साथ-साथ अन्य नक्सली घटनाओं को अंजाम दिया है.




