
Palamu: पलामू प्रमंडल के लातेहार जिला अंतर्गत बरवाडीह के मंडल में कोयल नदी में फंसे जख्मी हाथी के बच्चे का रेस्क्यू सीआरपीएफ और ग्रामीणों ने किया. 8-9 सितम्बर की रात मंडल डैम की कोयल नदी को पार करने के दौरान जंगली हाथियों के झुंड से भटककर एक हाथी का बच्चा गिर कर घायल हो गया था. चरवाहों की सूचना पर मंडल के ग्रामीण और सीआरपीएफ 112 के जवानों ने हाथी के बच्चे को सुरक्षित निकाला. बाद में इसकी सूचना वन विभाग के कर्मियों को दी.
सूचना के बाद वन विभाग की टीम कोयल नदी पर पहुंची और हाथी के बच्चे को कार्यालय ले आई और इलाज कराते हुए अपने अधिकारियों को सूचना दी. पीटीआर के डिप्टी डायरेक्टर कुमार आशीष ने बेतला रेंजर शंकर पासवान को हाथी के बच्चे को बेतला लाने का निर्देश दिया. हाथी के बच्चे को सुरक्षित बेतला रेंज कार्यालय पहुंचा दिया गया. जहां घायल बच्चे का इलाज किया जा रहा है.
डिप्टी डायरेक्टर कुमार आशीष ने कहा कि बेतला में जूही हथिनी के साथ हाथी के बच्चे को सुरक्षित रखा गया है. अभी उसका इलाज किया जा रहा है, जब स्वास्थ्य हो जाएगा, तब ही निर्णय लिया जाएगा कि उसे जंगल में छोड़ा जाए या पालना है. सबसे पहले इलाज जरूरी है. उन्होंने कहा कि इस बीच जंगल में हाथी के बच्चे के झुंड पर नजर रखी जाएगी. अगर झुंड मिल गया तो बच्चे को उससे मिलाने की कोशिश की जाएगी.
उन्होंने बताया कि 9 सितम्बर की दोपहर 12 बजे मंडल के चरवाहों को हाथी का बच्चा दिखा था. दो घंटे तक रेस्क्यू करने के बाद उसे सकुशल नदी से निकाला गया. उसके दाहिने आंख एवं कान पर जख्म है. शनिवार की सुबह उसे बेतला नेशनल पार्क ले आया गया है. झुंड नहीं मिलने की स्थिति में राखी हाथी की तरह रखकर पाला जाएगा.
इसे भी पढ़ें: कैश बरामदगी मामले की सीबीआई जांच को लेकर हाई कोर्ट में पीआईएल दायर




