JamshedpurJharkhand

बहरागोड़ा: डीडीसी ने क्षेत्र भ्रमण कर विकास योजनाओं का लिया जायजा, धीमी प्रगति देख भड़के

Jamshedpur : उप विकास आयुक्त प्रदीप प्रसाद ने बहरागोड़ा प्रखंड के कुमारडुबी एवं छोटापारूलिया पंचायत में क्रियान्वित विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मनरेगा योजनाओं का जायजा लिया. कुमारडुबी पंचायत में 62 आवास का निर्माण लंबित पाये जाने पर भड़के डीडीसी ने सम्बंधित पंचायत सचिव एवं रोजगार सेवक को कड़ी फटकार लगाते हुए जल्द से जल्द आवास निर्माण का कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए. साथ ही जिला स्तरीय मनरेगा टीम ने छोटापारूलिया एवं खेरूआ पंचायत में मनरेगा योजना अंतर्गत तालाब, आम बागबानी एवं दीदी बाड़ी योजना का निरीक्षण किया. इसमें संचालित योजना के स्थल निरीक्षण के क्रम में सभी मजदूर को योजनास्थल पर कार्य करते हुए पाया.
उप विकास आयुक्त ने प्रखंड कार्यालय में 15वें वित्त आयोग से संचालित योजनाओं का अभिलेख की जांच की, जो सही पाई गई. प्रखंड सभागार में आवास एवं मनरेगा की समीक्षा बैठक की, जिसमें पंचायतवार लंबित आवास की समीक्षा करते हुए सभी पंचायत का लक्ष्य निर्धारित किया. पंचायत सचिवों को निर्देश दिया कि प्रति दिन आवास पूर्णता का प्रतिवेदन प्रखंड समन्वयक को उपलब्ध करायेंगे एवं प्रखंड समन्वयक के द्वारा प्रतिदिन प्रतिवेदन प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं जिला कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे. मनरेगा के तहत संचालित योजनाओं की पंचायतवार समीक्षा की. साथ ही सभी रोजगार सेवक को निर्देश दिया कि बिरसा हरित ग्राम योजना हेतु प्रति पंचायत 05.06 बागवानी योजना स्वीकृत करायें. साथ ही लक्ष्य का 50 प्रतिशत जेएसएलपीएस को स्वीकृत कराने को कहा. बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार साहू, जिला समन्वयक प्रधानमंत्री आवास सुमन मिश्रा, प्रशिक्षु सहायक जितेश कुमार, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा अखिलेश कुमार, अरबिन्द कुमार, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, प्रखंड समन्वयक प्रधानमंत्री आवास, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक आदि उपस्थित थे.

ये भी पढ़ें- राजस्व संग्रह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर कार्यपालक पदाधिकारी ने नगर प्रबंधक राहुल व उनकी टीम को किया सम्मानित

Related Articles

Back to top button