
Giridih: गिरिडीह के सीसीएल कबरीबाद माइंस के आउटसोर्सिंग पेच में हादसा हुआ है. यहां ओबी डंप के दौरान एक डोजर ऊंचाई से नीचे की तरफ ढल गया. इस घटना में डोजर ऑपरेटर शंकर यादव व सहायक रितेश मंडल घायल हो गया है. घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है. मिली जानकारी के अनुसार माइंस से ओबी को डंप किया जा रहा था. डंप किए गए ओबी को डोजर के सहारे नीचे की और धकेला जा रहा था. इसी दौरान डोजर ऊपर से नीचे की और चला गया. ढलान के कारण डोजर नीचे गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया. जबकि डोजर से कूदने के क्रम में ऑपरेटर शंकर यादव व सहायक घायल हो गया.

घायल डोजर ऑपरेटर को इलाज के अस्पताल ले जाया गया. जहां उसका इलाज चल रहा है. इधर घटना की जानकारी मिलते ही सीसीएल गिरिडीह कोलियरी के महाप्रबंधक बासब चौधरी, परियोजना पदाधिकारी एसके सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी आउटसोर्सिंग कम्पनी अम्बालाल पटेल के पदाधिकारी से ली. वहीं सूचना पर मुफ्फसिल थाना पुलिस भी पहुंची और छानबीन शुरू कर दी गई. वहीं घटना की सूचना पर मजदूर नेता तेजलाल मंडल, विभूति भूषण समेत कई पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए पीड़ित ऑपरेटर का इलाज करवाने की मांग की. आउटसोर्सिंग के पदाधिकारी ने कहा कि घायल ऑपरेटर का सुमुचित इलाज चल रहा है. इधर इस मामले की लिखित सूचना आउटसोर्सिंग कम्पनी के कर्मी हसन ने मुफ्फसिल थाना में दी है. हसन ने बताया है कि अचानक तकनीकी गड़बड़ी आने के कारण डोजर ढल गया और हादसा हो गया. घायल कर्मियों का समुचित इलाज करवाया जा रहा है.




