
- सीएम हेमंत सोरेन ने दिया आदेश
Ranchi : राजधानी में सीवरेज-ड्रेनेज निर्माण मामले में डीपीआर तैयार करने के लिए मैनहर्ट को परामर्शी नियुक्त करने के मामले में सीएम हेमंत सोरेन ने तत्कालीन नगर विकास मंत्री रघुवर दास और अन्य पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से जांच कराने का निर्देश दिया है.
उन्होंने यह निर्देश भ्रष्टाचार एवं षड्यंत्र के विरुद्ध कानून की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज करने के सरयू राय के परिवाद पत्र व उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में दिया है.
इसे भी पढ़ें – विश्वविद्यालयों के अधिकार क्षेत्र में है तृतीय और चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों की नियुक्ति, JSSC को अधिकार नहीं
जांच के लिए सरयू राय ने बीते 2 अगस्त को सीएम को लिखा था पत्र
बता दें कि निर्दलीय विधायक सरयू राय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा था. इसमें उन्होंने मुख्यमंत्री से मैनहर्ट मामले में निगरानी ब्यूरो को समुचित कार्रवाई करने के लिए निर्देश देने का आग्रह किया था.
पत्र में 28 सितंबर 2018 को हाइकोर्ट द्वारा पारित आदेश का उल्लेख का जिक्र भी सरयू राय ने किया था. उन्होंने कहा था कि इस मामले में हाइकोर्ट ने राज्य सरकार को निगरानी ब्यूरो की जांच पर कार्रवाई करने की अनुमति प्रदान करने को कहा है.
इसे भी पढ़ें – कुंवर सिंह पाहन होंगे RMC के नये उप नगर आयुक्त, रजनीश कुमार कार्मिक में देंगे योगदान
सरयू राय के किताब में मैनहर्ट घोटाले का किया गया है जिक्र
दरअसल, जमशेदपुर पूर्वी से निर्दलीय विधायक सरयू राय की हाल ही में एक किताब आयी है, ‘मैनहर्ट नियुक्ति घोटाला, लम्हों की खता’. इस किताब में सरयू राय ने 2005 में मैनहर्ट नियुक्ति में हुए घोटाले का मुद्दा उठाते हुए भाजपा के दिग्गज नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पर गंभीर आरोप लगाये थे.
इतना ही नहीं, उन्होंने इस मामले में रांची में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के डीजी से भी मुलाकात कर परिवाद पत्र सौंप कर जांच का आग्रह किया था.
21 करोड़ खर्च करने के बाद भी धरातल पर नहीं दिखा काम
निर्दलीय विधायक सरयू राय ने पिछले साल संपन्न हुए झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान भी ‘मैनहर्ट’ का मुद्दा उठाया था. उन्होंने पूर्व सीएम रघुवर दास पर गंभीर आरोप लगाये थे.
सरयू राय ने कहा था कि रांची में सीवरेज-ड्रेनेज सिस्टम के लिए सिंगापुर की कंपनी मैनहर्ट को कंसल्टेंट नियुक्त किया गया था. इस पर करीब 21 करोड़ रुपये खर्च हुए लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं हुआ. उस समय से अब तक रांची में सिवरेज-ड्रेनेज का निर्माण नहीं हुआ.
इसे भी पढ़ें – आकांक्षा 40 की इंजीनियरिंग कोचिंग के लिए 309 और मेडिकल के लिए 147 चयनित, जैक ने जारी किया रिजल्ट




