
Ranchi : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विशाल सिंह ने कहा है कि आगामी 15 सितंबर को मोराबादी स्थित दीक्षांत मंडप में परिषद छात्र गर्जना कार्यक्रम करेगा. साथ ही शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य वगैरह पर सरकार की विफलता को लेकर काला दस्तावेज भी जारी होगा. एबीवीपी कार्यालय, रांची में मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि छात्र गर्जना कार्यक्रम में प्रदेश भर के 2000 छात्र कार्यकर्ता सम्मिलित होकर प्रदेश सरकार की अराजकता , गलत नीतियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सुरक्षा एवं राज्य में घुसपैठियों को शरण देने की गलत मानसिकता के खिलाफ प्रदेश को एक संदेश देने का काम होगा. झारखंड सरकार ने जिस प्रकार से सत्ता में आने से पूर्व स्नातकोत्तर युवाओं से 7000 रुपए के बेरोजगारी भत्ता, स्नातक के विद्यार्थियों को 5000 भत्ता देने का वादा किया था और सत्ता में आई थी, वह पूर्णतः विफल रहा. साथ ही साथ झारखंड सरकार ने सत्ता में आने से पूर्व पांच लाख रोजगार देने का वादा किया था जबकि 5000 विद्यार्थियों की भी धरातल पर नियुक्ति नहीं हो पाई है. राज्य में महिलाओं की स्थिति भी हम सब जानते हैं. राज्य में महिला यौन उत्पीड़न के जो इतने मामले हैं, वे काफी निंदनीय व शर्मनाक हैं.
राज्य के अधिकांश विश्वविद्यालय में कुलपति व प्रति कुलपति एवं महाविद्यालय में स्थाई प्रधानाचार्य की स्थाई नियुक्ति नहीं हो पाई है. इससे साफ नजर आता है कि सरकार भ्रष्टाचार में संलिप्त है. प्रेस वार्ता के पश्चात प्रदेश सह मंत्री दिशा दित्या व अन्य कार्यकर्ताओं ने छात्र गर्जना कार्यक्रम के पोस्टर का भी विमोचन किया .



