
Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो इलाके की साफ-सफाई का जिम्मा मानगो नगर निगम के ऊपर है. निगम की ओर से अक्सर दावे किए जाते हैं कि इलाके में लगातार कचरा उठाव होता है, पर निगम किस तरह सरकार और अन्य मदों से मिलने वाले फंड का दुरुपयोग करती है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बीते एक साल से सड़क किनारे कचरा उठाने वाली गाड़ी लावारिस हालत में खड़ी है पर उसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है. यह कचरा उठाने वाली गाड़ी मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित कुंवरबस्ती के पास नाले में बने पुल के बीचोबीच खड़ी है.

गाड़ी में कचरा भी लोड है और गाड़ी में जंग भी लगना शुरु हो गया है. इस कचरा गाड़ी में रजिस्ट्रेशन नंबर तक नहीं है. सिर्फ आगे की ओर नंबर 1 लिखा है. स्थानीय लोगों के अनुसार गाड़ी लगभग एक साल से इसी तरह सड़क किनारे लावारिस पड़ी है. अब तो उसमें लोड कचरे से भी बदबू आने लगी है. इस मामले में जब मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन नहीं उठाया.




