
रांची में डबल मर्डर से सनसनी, नवविवाहिता और उसकी मां की हत्या; वारदात के बाद साले को किया फोन

Ranchi: राजधानी रांची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के पुराना चतरा गांव में घरेलू विवाद ने दो महिलाओं की जान ले ली। शनिवार सुबह हुए हमले में ममता देवी और उनकी मां सोनिया देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उनकी मौत हो गई। हत्या का आरोप ममता के पति सावन बिरहोर पर है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार, अनगड़ा निवासी सावन बिरहोर शनिवार को अपनी ससुराल पुराना चतरा पहुंचा था। सुबह करीब नौ बजे किसी बात को लेकर उसका पत्नी ममता देवी से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और सावन ने लोहे की रॉड से ममता पर हमला कर दिया। बेटी को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची सास सोनिया देवी भी हमले की चपेट में आ गईं। आरोपी ने दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया और वहां से फरार हो गया।
साले को फोन कर अस्पताल ले जाने को कहा
वारदात के बाद सावन ने अपने साले पवन महली को फोन किया और मां-बेटी को अस्पताल पहुंचाने की बात कही। पवन घर पहुंचा तो दोनों महिलाएं लहूलुहान हालत में पड़ी थीं। पड़ोसियों की मदद से उन्हें तत्काल स्थानीय स्वर्णरेखा अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को रिम्स रेफर कर दिया गया। हालांकि, डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद शनिवार देर रात दोनों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
रिम्स से सूचना मिलने के बाद रविवार को पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के भाई पवन महली और आसपास के लोगों से पूछताछ की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी नमूने और साक्ष्य एकत्र किए हैं। मामले में पवन महली की शिकायत पर सावन बिरहोर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
बताया गया कि सावन और ममता की शादी करीब एक महीने पहले ही हुई थी। सावन ओडिशा की एक निजी कंपनी में काम करता है। घटना के बाद आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर चर्चा है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतका के भाई पवन महली के अनुसार, उनके पिता नकुल महली पेटी ठेकेदार हैं और मकान निर्माण कार्य के सिलसिले में साइट पर रहते हैं। घर में पवन अपनी मां सोनिया देवी के साथ रहता था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।




