

सड़क हादसा
बागबेड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार रात करीब 11 बजे सड़क हादसा हुआ. यहां टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास खड़े दो युवकों को एक वाहन ने रौंद दिया. आनन फानन में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सोपोडेरा निवासी एक युवक को मृत घोषित कर दिया. वहीं एक अन्य घायल युवक का इलाज खासमहल स्थित सदर अस्पताल में चल रहा है.
बताया जाता है कि मृतक हैदराबाद में रहकर काम करता था और दुर्गा पूजा की छुट्टियों में अपने घर सोपोडेरा आया हुआ था. छुट्टियों में परिवार के साथ समय बिताने घर आए युवक की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना में शामिल बड़े वाहन और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.




