
रांची : यातायात व्यवस्था और पैदल यात्रियों की सुविधा को लेकर रांची नगर निगम ने सोमवार को एकरा मस्जिद से सुजाता चौक तक विशेष जांच और अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान भवनों के सेटबैक, गिफ्ट डीड की जमीन, पार्किंग, ट्रेड लाइसेंस और विज्ञापन-होर्डिंग से जुड़े नियमों की जांच की गई।
अभियान के दौरान चर्च कॉम्प्लेक्स, रोसपा टावर और हेब्रोन सिटी बिल्डिंग समेत अन्य भवनों की गिफ्ट डीड की जमीन की मापी कर अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया गया। रोसपा टावर के गिफ्ट डीड क्षेत्र में संचालित दो प्रतिष्ठानों को हटाया गया।
नगर निगम की टीम ने रोसपा टावर के सामने पार्किंग और गिफ्ट डीड की जमीन पर अनधिकृत विज्ञापन लगाने के मामले में रीबॉक और स्केचर्स शोरूम पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
ठेले और गुमटी समेत सामान जब्त
सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पांच ठेले, एक गुमटी और अन्य सामान जब्त किए गए।
नगर निगम की टीम ने 12 फीट से कम ऊंचाई वाले होर्डिंग और मोनोपोल को भी चिन्हित किया और उन्हें हटाने की कार्रवाई की। रोड मीडियन पर लगाए गए मोनोपोल के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार ने कहा कि मास्टर प्लान के अनुरूप रांची को व्यवस्थित करने और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए जांच एवं कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि भवन उपविधि के उल्लंघन, अतिक्रमण, अवैध विज्ञापन और अन्य अनियमितताओं के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




