
रामगढ़ : रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर चट्टी बाजार में लंबे समय से चल रहे नकली बजाज अलमोंड हेयर ऑयल के कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गयी छापेमारी में बड़ी मात्रा में नकली तेल, पैकिंग डिब्बे और रैपर बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि यह नकली उत्पाद स्थानीय बाजारों में लगातार खपाया जा रहा था। सूत्रों के अनुसार थाना प्रभारी कृष्ण कुमार को सूचना मिली थी कि चितरपुर चट्टी बाजार स्थित पांडेय जेनरल स्टोर नामक दुकान में नकली बजाज अलमोंड तेल तैयार कर उसे बिक्री के लिए भेजा जा रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी के निर्देश पर अवर निरीक्षक रंजीत कुमार महतो ने पुलिस बल के साथ कंपनी प्रतिनिधि रंजीत कुमार सिंह को लेकर संबंधित दुकान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दुकान से पैकेट और डब्बों में बंद बजाज अलमोंड तेल बरामद किया गया, जो जांच में नकली पाया गया। इसके अलावा बड़ी संख्या में ब्रांडेड रैपर और अन्य पैकिंग सामग्री भी जब्त की गयी।
सभी जब्त सामानों को रजरप्पा थाना लाया गया है। इस मामले में रजरप्पा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली तेल की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी और इस अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग संलिप्त हैं। पुलिस ने कहा है कि जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी।




