
Ranchi: भारत के संविधान लागू होने के 75वें वर्ष प्लैटिनम जुबिली वर्ष के अवसर पर आज 26 नवंबर 2025 को रांची जिला में संविधान दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ मनाया गया। समाहरणालय ब्लॉक-A स्थित पोर्टिको क्षेत्र में जिला प्रशासन द्वारा औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने की। इस अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पठन किया।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा—“भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि लोकतंत्र, समानता, न्याय और स्वतंत्रता का जीवंत प्रतीक है। हमें इसकी प्रस्तावना में निहित मूल्यों को अपने दैनिक कार्यों में आत्मसात करना चाहिए।”
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सौरभ भुवनिया, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। संविधान दिवस पर सभी ने न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के संवैधानिक आदर्शों को पुनः दोहराया।




