
पटना : बिहार विधानसभा चुनाव में भारी जीत के बाद आज गुरूवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में गांधी मैदान में नीतीश कुमार बतौर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. सुबह 11: 30 बजे होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में नीतीश कुमार के साथ 20 मंत्रियों के भी शपथ लेने की संभावना है. इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री व तमाम बड़े नेता मौजूद रहेंगे। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान नए मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार और अन्य मंत्रियों को शपथ दिलायेंगे. नयी सरकार में लोजपा आर, हम और रालोमो के एक-एक विधायक भी शामिल होंगे.
जिन मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है, उसमें भाजपा की ओर से सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के अलावा मंगल पांडेय, नितिन नवीन, नीतीश मिश्र, नीरज सिंह बबलू, रेणु देवी, जिवेश कुमार, जनक राम और हरि सहनी का नाम तय माना जा रहा है तो वहीं जदयू कोटे से विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, महेश्वर हजारी, सुनील कुमार, मो. जमा खान और लेशी सिंह जबकि लोजपा (आर) से राजू तिवारी, हम से संतोष सुमन और पहली बार मंत्रिमंडल का हिस्सा बनने जा रहे रालोमो की ओर से पार्टी अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी व सासाराम से जीती स्नेहलता मंत्री के रूप में शपथ ले सकती हैं.
प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री समेक कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा के अभूतपूर्व प्रबंध किए गए हैं। एसपीजी, एनएसजी और बिहार पुलिस की संयुक्त टीमों ने मैदान और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की है। वहीं भाजपा की ओर से कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए शहर को भगवा झंडा, होर्डिंग, बैनर एवं तिरंगा रोशनी से सजाया गया है। आयोजन स्थल पर तीन मंच बनाए गए हैं।




