JharkhandLead NewsRanchi

रांची की बेटी रवीना नई फिल्म मर्डरबाद में दिख रही इंस्पेक्टर के रोल में

Ranchi: रांची (झारखंड) की बेटी रवीना की फिल्म मर्डरबाद इस शुक्रवार को प्रदर्शित हो चुकी है. इस मूवी की खासियत यह है कि इस फिल्म के एक विशेष रोल में इन्स्पेक्टर आदिति रावत की महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली उभरती अभिनेत्री रवीना मूलतः रांची की निवासी हैं. रवीना झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के पूर्व प्रांतीय महामंत्री की पुत्री हैं. उनका जन्म रांची के प्रतिष्ठित अस्पताल सेवा सदन में हुआ था. स्कूली शिक्षा रांची के डोरंडा स्थित लोरेटो कॉन्वेंट हाई स्कूल में हुई एवं इन्होंने रांची के संत जेवियर्स कॉलेज से बी.काम की शिक्षा प्राप्त की. उसके पश्चात मुम्बई चली गईं. मुंबई में इन्होंने कई विज्ञापनों में चर्चित कलाकारों के साथ काम किया जिनका प्रसारण विभिन्न चैनलों एवं यूट्यूब पर होता रहा है. फिल्म के निर्देशक अनरव चटर्जी हैं. नकुल रोशन शहदेव, कनिका कपूर, शारीब हाशमी , सलोनी बत्रा, मनीष चौधरी, अमोल गुप्ता, अंजन श्रीवास्तव, मसुदा अख्तर, सुब्रत दत्ता, बरूण चंदा, विभा छिब्बर और उदय टिकेकर इस फिल्म के अन्य कलाकार हैं. शान कुशल इस फिल्म के एक्शन डायरेक्टर हैं. इस फिल्म की शुटिंग राजस्थान एवं दार्जिलिंग (पश्चिम बंगाल) में हुई है. फिल्म के फोटोग्राफी निदेशक बिनोद प्रधान हैं जिन्होंने रंग दे बसंती, भाग मिल्खा भाग आदि कई फिल्मों के लिए फोटोग्राफी निर्देशक का कार्य किया है. झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल, महामंत्री विनोद कुमार जैन, ललित कुमार पोद्दार, पवन पोद्दार ने रवीना के इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए रवीना को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है. यह जानकारी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी.

Related Articles

Back to top button