
Ranchi: फर्जी एवं मनगढ़ंत दस्तावेज के आधार पर पंजाब नेशनल बैंक की साकची शाखा, जमशेदपुर से 4. 74 करोड] रुपए की धोखाघड़ी मामले में आरोपी बैंक के पैनल अधिवक्ता कैलाश कुमार अग्रवाल को झारखंड हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद की कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए सीबीआई द्वारा कैलाश कुमार अग्रवाल के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी और एवं आपराधिक कार्यवाही को निरस्त कर दिया. कैलाश कुमार अग्रवाल ने इस कथित धोखाघड़ी में खुद के शामिल नहीं रहने का और कोई वित्तीय लाभ नहीं लेने का आधार बताते हुए अपने खिलाफ चल रहे आपराधिक कार्रवाई को निरस्त करने एवं सीबीआई कोर्ट द्वारा उनके डिस्चार्ज पिटीशन खारिज करने एवं आरोप गठन करने के आदेश को भी रद्द करने का आग्रह किया था.
मामले को लेकर सीबीआई ने कैलाश कुमार अग्रवाल सहित अन्य के खिलाफ आरसी 5 (एस) / 2014 ईओडब्लू – आर दर्ज किया था. सुनवाई के दौरान प्रार्थी के अधिवक्ता महेश तिवारी एवं अभिषेक कुमार दुबे ने कोर्ट को बताया था कि प्रार्थी बैंक के पैनल अधिवक्ता है, बैंक द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेज के आधार पर उन्होंने लोन देने के संबंध में अपना ओपिनियन दिया था. प्रार्थी द्वारा कोई जालसाजी नहीं की गई और इसके अलावा ऐसा कोई आरोप नहीं है कि प्रार्थी ने कोई वित्तीय लाभ कमाई हो या कोई अवैध पुरस्कार प्राप्त किया है.
प्रार्थी की राय बैंक द्वारा उसे उपलब्ध कराए गए दस्तावेज पर आधारित थी और उसके पास यह करने का कोई कारण नहीं था कि इनमें से कोई भी दस्तावेज जाली या झूठ हो सकता है. इसलिए प्रार्थी के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई को निरस्त किया जाए. बता दे कि यह मामला मेसस केएसएस इंफ्रास्ट्रक्चर के दो साझेदारी अमरेंद्र कुमार सिंह और राकेश कपूर के द्वारा आपराधिक षडयंत्र करने एवं पंजाब नेशनल बैंक से 4.74 करोड रुपए धोखाघड़ी से जुड़ा है. आरोप लगाया गया था कि अमरेंद्र कुमार सिंह, राकेश कपूर, रवि गुप्ता और नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने एक दूसरे के साथ मिलकर आपराधिक साजिश रची और बैंक को फर्जी दस्तावेज के आधार पर 4.74 करोड़ रुपए का चूना लगाया था.




