HazaribaghJharkhandRanchi

शशि प्रकाश सिंह ने हजारीबाग के 138वें डीसी के रूप में किया पदभार ग्रहण

कंचन सिंह, ताराचंद, प्रेरणा दीक्षित समेत दूसरे डीसी ने अपने-अपने जिलों में किया पदभार ग्रहण

Ranchi: भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2017 बैच के अधिकारी शशि प्रकाश सिंह ने हजारीबाग के 138वें डीसी सह जिला दंडाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण किया. मंगलवार को निवर्तमान डीसी नैंसी सहाय ने उपायुक्त वेश्म में उन्हें पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया तथा अपना प्रभार सौंपा. इसके बाद नैंसी सहाय ने मीडिया से अपने 3 वर्ष और 3 माह के कार्यकाल के अनुभवों को साझा किया. कहा कि उनका यह कार्यकाल व्यक्तिगत रूप से यादगार रहा है, हमने मिलकर चुनाव कराया, चार रामनवमी कराने का अवसर प्राप्त हुआ. सभी अधिकारियों, मीडिया जिलेवासियों का भरपूर सहयोग मिला. उन्होंने सभी का आभार जताया और शुभकामनाएं दी.

पदभार ग्रहण करने के उपरांत हजारीबाग के नए डीसी शशि प्रकाश सिंह भी मीडिया से मुखातिब हुए। सर्वप्रथम उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया. कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना उनकी  प्राथमिकताओं में होगा.

नव पदस्थापित डीसी पहुंची सिमडेगा, अधिकारियों ने किया स्वागत

नवपदस्थापित डीसी कंचन सिंह मंगलवार को सिमडेगा पहुंची. वहां निवर्तमान डीसी अजय कुमार सिंह से उन्होंने पदभार ग्रहण किया. इससे पूर्व परिसदन भवन में डीडीसी संदीप कुमार दोराईबुरु, एसी ज्ञानेन्द्र, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुरज मुन्नी कुमारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया. गौरतलब है कि इससे पूर्व कंचन सिंह जेएसएलपीएस की सीईओ के तौर पर कार्यरत थीं.

ताराचंद ने लोहरदगा में संभाला पदभार

कुमार ताराचंद (भा०प्र०से०, 2017) ने मंगलवार को लोहरदगा जिले के 42वें उपायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया. इस मौके पर निवर्तमान डीसी डॉ वाघमारे प्रसाद कृष्ण ने नवनियुक्त डीसी को पदभार सौंपा. इस मौके पर कुमार ताराचंद ने कहा कि जिला में डीसी के रूप में कार्य करने का अवसर मिलने पर परम पिता ईश्वर, मुख्यमंत्री और अपने माता-पिता का धन्यवाद देता हूं. लोहरदगा जिला एक कृषि बहुल जिला है जहां 80% आबादी कृषि पर निर्भर है. जिला के विकास कार्य को गति देनी है, यहां के जिलावासियों के उत्थान व उन्नति के लिए कार्य करना है. जिला में विशेषकर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि समेत अन्य विषयों पर बेहतरी के लिए कार्य किया जायेगा. इस मौके पर डीडीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी भी उपस्थित थे.

नवपदस्थापित डीसी प्रेरणा दीक्षित ने संभाला गुमला जिले का कार्यभार

मंगलवार को समाहरणालय, गुमला स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में नवपदस्थापित डीसी प्रेरणा दीक्षित ने गुमला जिले के डीसी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया. निवर्तमान डीसी कर्ण सत्यार्थी ने उन्हें विधिवत पदभार सौंपा. मौके पर कर्ण सत्यार्थी ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते कहा कि गुमला जिले में उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर टीम भावना से कार्य किया. गुमला की प्राकृतिक सुंदरता, स्वच्छ वातावरण और यहां के नागरिकों का सरल व सौम्य स्वभाव उन्हें हमेशा याद रहेगा. गुमला के साथ उनका एक आत्मीय रिश्ता बन गया है और यहां के लोगों से उन्हें परिवार जैसा स्नेह प्राप्त हुआ.

यह एक भावुक क्षण है, लेकिन प्रशासनिक व्यवस्था के तहत नई जिम्मेदारी निभाना आवश्यक है. उन्होंने जानकारी दी कि वे अब पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे. प्रेरणा दीक्षित ने कहा कि गुमला जिला उनके लिए एक महत्वपूर्ण दायित्व है, क्योंकि यह जिला लगातार दो वर्षों से प्रधानमंत्री पुरस्कार प्राप्त कर चुका है. यह जिले के अधिकारियों, कर्मचारियों और जनता के संयुक्त प्रयास का परिणाम है.

श्रीमती दीक्षित ने बताया कि वे पूर्व में संचालित योजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाएंगी. इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण एवं विशेष रूप से आदिवासी समुदाय के समग्र विकास पर विशेष ध्यान देंगी. गुमला जिले की विशिष्टता और उपलब्धियों को और बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता होगी.

कार्यभार ग्रहण के पश्चात नव उपायुक्त महोदया ने जिले के सभी वरीय अधिकारियों से औपचारिक भेंट की और विभिन्न विभागों की वर्तमान स्थिति एवं प्राथमिकताओं की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे टीम भावना के साथ कार्य करें, ताकि जिले का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित किया जा सके.

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त गुमला, परियोजना निदेशक ITDA, एसडीओ सदर, एसडीओ चैनपुर, एसडीओ बसिया सहित जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.

आदित्य रंजन ने धनबाद में संभाला पदभार

आदित्य रंजन ने धनबाद के नए डीसी के तौर पर पदभार ग्रहण किया. निवर्तमान डीसी विजया जाधव ने इस दौरान औपचारिकताएं पूरी कर आदित्य रंजन का स्वागत किया.

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button