JharkhandLead NewsRanchi

प्रयागराज महाकुंभ भगदड़ में पलामू की एक महिला की मौत, बहन गंभीर

Ranchi : प्रयागराज महाकुंभ में पलामू जिले की एक महिला की भी मौत हो गई है. जबकि गढ़वा जिले की एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है. जानकारी के अनुसार पलामू जिले के रेहला थाने के तोलरा गांव की महिला गायत्री देवी(60) साल की भगदड़ में जान चली गई है. गायत्री देवी पति अमरेश पांडेय, गढ़वा जिले के झुरा निवासी बहनोई कयास दुबे व बहन तेतरी देवी व अन्य रिश्तेदारों के साथ कुंभ स्थान को गई थी. अमरेश पांडेय का एक बेटा सीआरपीएफ में हैं. उसकी ड्यूटी कुंभ मेला में लगी हुई है. बेटे ने मां-बाप व अन्य रिश्तेदारों को बुलाया था. सभी एक साथ प्रयागराज गए थे.

अमरेश पांडेय ने बताया कि हमलोग मौनी अमावस्या पर स्नान करने की लिए रात में ही संगम तट पर पहुंच गए थे. रात में संगम किनारे सो रहे थे. इसी बीच रात एक बजे से दो बजे के बीच भारी भीड़ की वजह से भगदड़ मच गई. भीड़ हमारे ऊपर से गुजरने लगी. पुरूष सदस्य तो किसी तरह बच गए. लेकिन महिलाएं भीड़ में कुचल गईं. मेरी पत्नी गायत्री देवी की मौत हो गई जबकि साली तेतरी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई. तेतरी देवी को पुलिस वाले एंबुलेंस से लेकर अस्पताल चले गए. उनकी हालत गंभीर है. अस्पताल में इलाज चल रहा है. अमरेश पांडेय भी भीड़ के नीचे दब गए थे. किसी तरह व खड़े होकर बचे. गायत्री देवी की मौत की सूचना मिलते ही तोलरा गांव में मातम पसर गया है. गायत्री देवी का शव रात तक गांव में आने की संभावना है. इधर, गढ़वा जिले के झुरा गांव में भी लोग घटना की जानकारी के लिए कयास दुबे के घर पर पहुंच रहे हैं.

Related Articles

Back to top button